अपराधपंजाबराजनीति

‘गैंगस्टरों पर वार’: दो हफ्तों में 4,233 व्यक्ति 116 हथियारों सहित गिरफ्तार

चंडीगढ़, 2 फरवरी:

 

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से दो सप्ताह पहले शुरू की गई निर्णायक मुहिम ‘गैंगस्टरों पर वार’ के तहत पंजाब पुलिस ने अब तक राज्यभर में 14,382 स्थानों पर छापेमारी कर 4,233 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें गैंगस्टर और उनसे जुड़े अपराधी शामिल हैं।

 

जानकारी के अनुसार, ‘गैंगस्टरों पर वार’ पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए शुरू की गई एक सख्त और निर्णायक मुहिम है, जिसकी शुरुआत 20 जनवरी 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित और मैप किए गए ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

 

इस अभियान के तहत सोमवार को इंस्पेक्टरों/डीएसपीज की निगरानी में मजबूत और सुव्यवस्थित नाके लगाए गए तथा पूरे राज्य में वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की व्यापक जांच की गई।

 

विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने मोहाली के गोडरेज चौक पर नाके का निरीक्षण करने के बाद मीडिया से बातचीत में बताया कि पुलिस टीमों ने गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों के कब्जे से 116 हथियार, 262 जिंदा कारतूस और 23 मैगजीन बरामद की हैं।

 

उन्होंने बताया कि इसके अलावा 2,311 व्यक्तियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई है, जबकि 4,008 व्यक्तियों को पूरी जांच और पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले 14 दिनों में पुलिस ने 283 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया है।

 

अभियान के 14वें दिन, पुलिस टीमों ने 613 छापेमारियां कर 172 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जबकि 159 व्यक्तियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई और 9 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को पकड़ा गया।

 

उन्होंने बताया कि लोग गैंगस्टरों/वांछित अपराधियों के बारे में एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गुप्त रूप से सूचना दे सकते हैं और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा कर सकते हैं।

 

इस दौरान पंजाब पुलिस ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम जारी रखते हुए “युद्ध नशों विरुद्ध” अभियान के 338वें दिन 81 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 1.3 किलो हेरोइन, 1,053 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 1.23 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की। इस प्रकार केवल 338 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 47,498 हो गई है।

 

नशा मुक्ति अभियान के तहत आज 11 व्यक्तियों को नशा छुड़ाओ और पुनर्वास उपचार के लिए भी राजी किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button