
चंडीगढ़, 4 फरवरी
पंजाब के स्वतंत्रता सेनानी मंत्री श्री मोहिंदर भगत ने आज पंजाब सिविल सचिवालय, चंडीगढ़ में स्वतंत्रता सेनानियों के पारिवारिक सदस्यों तथा फ्रीडम फाइटर्स उत्तराधिकारी संस्था पंजाब के प्रतिनिधियों के साथ एक विशेष बैठक की। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी विभाग के विशेष मुख्य सचिव राजी पी. श्रीवास्तव और संयुक्त सचिव राजपाल सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मंत्री श्री मोहिंदर भगत ने स्वतंत्रता सेनानियों के पारिवारिक सदस्यों और संस्था के प्रतिनिधियों की मांगों को बड़े ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि उनकी प्रत्येक जायज़ मांग को सरकार द्वारा प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। मंत्री श्री भगत ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
श्री भगत ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में बड़ी कुर्बानियां देकर देश को आज़ादी दिलाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के सम्मान के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि जो मांगें विभागीय स्तर पर हल की जा सकती हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाया जाएगा और जो मांगें मुख्यमंत्री या वित्त विभाग के स्तर पर हल होनी हैं, उन पर भी विशेष रूप से विचार किया जाएगा।









