
चंडीगढ़/एसएएस नगर, 4 फरवरी:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाई जा रही मुहिम के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एस.ए.एस. नगर पुलिस ने मोहाली जिला अदालत परिसर के बाहर घटित गुरविंदर सिंह हत्याकांड से संबंधित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और इस अपराध को अंजाम देने में प्रयुक्त वाहनों को भी बरामद किया है। यह जानकारी सीनियर पुलिस अधीक्षक (एस.एस.पी.) एस.ए.एस. नगर हरमनदीप हंस ने आज यहां दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान बलतेज सिंह उर्फ बंटी, निवासी गांव टहिणा (फरीदकोट) और मंगत सिंह उर्फ मैक्स, निवासी जलालाबाद (फाजिल्का) के रूप में हुई है। बरामद किए गए वाहनों में काली बजाज पल्सर मोटरसाइकिल (पीबी-22-डी-5444) और सफेद होंडा अमेज कार (यूपी-14-सीडी-6847) शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल अपराध में किया गया था।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित गुरविंदर सिंह को 28 जनवरी 2026 को जिला अदालत परिसर, मोहाली के बाहर उसकी पार्क की गई कार के पास अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसकी पत्नी एवं शिकायतकर्ता अमरदीप कौर ने विदेश में बैठे गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी ब्राड़ की संलिप्तता का संदेह जताया था, जो कथित तौर पर उसके पति को धमकियां दे रहा था।
एस.एस.पी. हरमनदीप हंस ने बताया कि जांच के दौरान सीसीटीवी विश्लेषण से पता चला है कि दोनों आरोपी काली पल्सर मोटरसाइकिल पर आए, गोलीबारी की और बाद में कपड़े बदलकर सफेद होंडा अमेज कार में फरार हो गए। तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर यह सामने आया है कि इस अपराध की साजिश गैंगस्टर गोल्डी ब्राड़ ने अपने साथियों विक्की सिंह उर्फ विक्की सत्तेवाल और रवि कुमार उर्फ रवि फरीदकोटिया, जो वर्तमान में विदेश में हैं, की मदद से रची थी।
एसएसपी ने आगे बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खुलासे के आधार पर पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त काली बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और सफेद होंडा अमेज कार को बरामद कर लिया है।
उन्होंने कहा कि साजिश को पूरी तरह उजागर करने के लिए बाकी सहयोगियों और मास्टरमाइंड की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
इस संबंध में बीएनएस की धारा 103(1), 109 और 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 23, दिनांक 28-01-2026, पहले ही एसएएस नगर के पुलिस स्टेशन सोहाणा में दर्ज की जा चुकी है।









