
चंडीगढ़, 4 फरवरी:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर शुरू की गई निर्णायक मुहिम ‘गैंगस्टरों पर वार’ को 16वें दिन भी जारी रखते हुए पंजाब पुलिस ने आज राज्य भर में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित और मैप किए गए 689 ठिकानों पर छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार, ‘गैंगस्टरों पर वार’ पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए एक निर्णायक लड़ाई है, जिसकी शुरुआत पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा 20 जनवरी 2026 को की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के पूर्ण समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्य भर में विशेष अभियान चला रही हैं।
मुहिम के 16वें दिन पुलिस टीमों ने 232 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से दो तेजधार हथियार बरामद किए। इस प्रकार, अभियान की शुरुआत से अब तक कुल 4,628 गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं।
इसके अलावा, 153 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 352 व्यक्तियों को जांच और पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान 12 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया है।
उन्होंने कहा कि लोग वांछित अपराधियों/गैंगस्टरों के बारे में एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गुप्त रूप से सूचना दे सकते हैं और किसी भी प्रकार के अपराध तथा आपराधिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी साझा कर सकते हैं।
इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ को 340वें दिन भी जारी रखा। इसके तहत आज 135 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 8.1 किलोग्राम हेरोइन, 2 किलोग्राम अफीम, 804 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 10,750 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ ही, केवल 340 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 47,634 हो गई है।
नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 23 व्यक्तियों को नशा मुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए भी प्रेरित किया है।









