
लुधियाना, 08 फ़रवरी (000) —
विधानसभा हलका लुधियाना उत्तर से विधायक चौधरी मदन लाल बग्गा ने वार्ड नंबर 89 के अंतर्गत छावनी मोहल्ला में नई सड़कों के निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उनके साथ काउंसलर अमन बग्गा, लाला सुरिंदर अटवाल, प्रदीप नागर, बादशाह, अवतार मलिक, पाली मलिक तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी उपस्थित रहे।
मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक बग्गा ने बताया कि इन सड़कों की हालत बेहद जर्जर थी और पिछली सरकारों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से जहां यातायात सुगम होगा, वहीं विकास का मार्ग भी प्रशस्त होगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विधायक बग्गा ने बताया कि ‘विधायक जनता दरबार’ अभियान के तहत शहर की सभी सड़कों और गलियों-नालियों को पक्का किया जा रहा है तथा लोगों को आने वाली हर समस्या का समाधान जनता के बीच रहकर, उनके साथ खड़े होकर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार आम लोगों की अपनी सरकार है और लोगों को बुनियादी सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।









