
बटाला, 11 फरवरी :
‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना’ के अंतर्गत प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक कैशलेस बीमा सुविधा प्रदान करने के लिए विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को हेल्थ कार्ड बनवाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष एवं बटाला के युवा विधायक शैरी कलसी ने बताया कि बटाला विधानसभा क्षेत्र में लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ के तहत हेल्थ कार्ड बनाने के लिए 7 स्थानों पर विशेष कैंप लगाए गए हैं। इसके अलावा कॉमन सर्विस सेंटरों (CSC) में भी हेल्थ कार्ड बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बटाला के
वार्ड नंबर 7 और 37,
वार्ड नंबर 28, डोगरा मोहल्ला, कश्मीर गली,
वार्ड नंबर 31, रामलीला ग्राउंड के पास, मियां मोहल्ला,
गांव डल्ला मोड़, हरचोवाल रोड स्थित कॉन्वेंट स्कूल के पास,
गांव भगतपुर रब्बवाला, कादियां रोड स्थित डीएवी स्कूल के पास,
तथा गांव कोटला मूसा, गुरुद्वारा बाबा जीवन सिंह जी के पास
विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं।
विधायक शैरी कलसी ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत बनाए गए हेल्थ कार्ड अब पूरी तरह से लागू हो चुके हैं और मरीज सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी अपना इलाज करवा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य योजना के लागू होने से वे महंगे निजी अस्पताल, जो पहले केवल अमीरों की पहुंच में थे, अब गरीबों के लिए भी खुल गए हैं। यह योजना जनसेवा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक और निर्णायक बदलाव है।









