पंजाबराजनीति

पंजाब सरकार द्वारा सतलुज और स्वां नदी के इलाकों के लिए 52 करोड़ रुपये की व्यापक बाढ़ सुरक्षा योजना को मंज़ूरी: हरजोत सिंह बैंस

चंडीगढ़, 14 फरवरी:

 

पंजाब के शिक्षा तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने आज श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र में सतलुज और स्वां नदियों के किनारे बसे गांवों के लिए 52 करोड़ रुपये की व्यापक बाढ़ सुरक्षा योजना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने मानसून के दौरान बार-बार बाढ़ की मार झेल रहे कई प्रभावित क्षेत्रों के लिए स्थायी समाधान सुनिश्चित किए हैं।

 

इस महत्वपूर्ण योजना की जानकारी देते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा, “श्री आनंदपुर साहिब हलके में सतलुज और स्वां के किनारे रहने वाले निवासियों को बड़ी राहत देते हुए पंजाब सरकार ने 52 करोड़ रुपये की व्यापक बाढ़ सुरक्षा योजना को मंजूरी दी है, ताकि मानसून के दौरान बाढ़ से प्रभावित होने वाले कई संवेदनशील गांवों को स्थायी रूप से सुरक्षित बनाया जा सके।”

 

उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने इस क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा से जुड़े बुनियादी ढांचे के व्यापक प्रोजेक्ट्स में तेजी लाई है। 52 करोड़ रुपये के कार्यों के लिए पहले ही टेंडर जारी किए जा चुके हैं और काम शुरू हो चुका है। आगामी पंद्रह दिनों में निर्माण कार्यों में और तेजी लाई जाएगी। इसके अतिरिक्त लगभग 30 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले अन्य प्रोजेक्ट्स भी विचाराधीन हैं।”

 

इस पहल की महत्ता को रेखांकित करते हुए मंत्री बैंस ने कहा, “हमारे लोगों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। पिछले वर्ष आई भीषण बाढ़ ने हमें सबक सिखाया है। हम ठोस और दीर्घकालिक सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।”

 

प्रमुख परियोजनाओं का विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया, “गांव दसग्राईं और महैन को डंगों के निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी। गांव हरसा बेला, जहां पिछले वर्ष 4.5 करोड़ रुपये के बाढ़ सुरक्षा कार्य किए गए थे, वहां उन्नत डिजाइन के 2,200 फुट लंबे डंगे के निर्माण हेतु 9 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।”

 

उन्होंने आगे कहा, “गांव महिंदली कलां को 8.75 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 1,800 फुट लंबा नया डंगा मिलेगा, जहां मैंने पिछले वर्ष राहत कार्यों के दौरान व्यक्तिगत रूप से सेवाएं दी थीं। गांव अगमपुर में गांव और पुल की सुरक्षा के लिए 12 करोड़ रुपये की लागत से 3,200 फुट लंबा विशाल डंगा (रेवेटमेंट) बनाया जाएगा।”

 

मंत्री ने कहा, “गांव बुर्ज में 7 करोड़ रुपये की लागत से 700 फुट लंबा रेवेटमेंट बनाया जाएगा। इसी प्रकार गांव अजौली में 3.5 करोड़ रुपये की लागत से 700 फुट लंबा रेवेटमेंट तथा गांव लोधीपुर को 9 करोड़ रुपये की लागत से 2,000 फुट लंबे रेवेटमेंट के माध्यम से सुरक्षित किया जाएगा।”

 

उन्होंने बताया कि “इन प्रमुख स्थानों के अलावा भलाण, त्रिवेणी मंदिर, नानगरा सहित अन्य गांवों में भी बाढ़ सुरक्षा कार्य प्रगति पर हैं या स्वीकृत किए जा चुके हैं।”

 

मंत्री बैंस ने कहा, “इन परियोजनाओं के अंतर्गत कुल 11,000 फुट लंबे डंगों का निर्माण शामिल है। हम पहले ही जमीनी कार्य पूरा कर चुके हैं और स्थानीय मांगों के आधार पर इसके विस्तार के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

 

मानसून से पहले क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा, “मैं व्यक्तिगत रूप से इन परियोजनाओं की प्रगति की निगरानी कर रहा हूं और इस मानसून की शुरुआत से पहले बाढ़ सुरक्षा कार्यों को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button