
चंडीगढ़, 14 फरवरी:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर शुरू की गई निर्णायक मुहिम ‘गैंगस्टरों पर वार’ के 25वें दिन, पंजाब पुलिस ने आज प्रदेश भर में गैंगस्टरों के सहयोगियों से जुड़े चिन्हित और मैप किए गए ठिकानों पर 702 छापेमारियां कीं।
जानकारी के अनुसार, “गैंगस्टरों पर वार” — पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से छेड़ी गई एक निर्णायक लड़ाई — की शुरुआत 20 जनवरी 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा की गई थी। इस अभियान के तहत सभी जिलों की पुलिस टीमें एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) पंजाब के समन्वय से राज्य भर में विशेष कार्रवाइयां कर रही हैं।
अभियान के 25वें दिन पुलिस टीमों ने 232 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3 हथियार बरामद किए। इसके साथ ही अभियान की शुरुआत से अब तक गिरफ्तार किए गए कुल व्यक्तियों की संख्या 9,244 हो गई है।
इसके अलावा 89 व्यक्तियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई, जबकि 165 व्यक्तियों का सत्यापन कर पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने 7 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया है।
वांछित अपराधियों/गैंगस्टरों के संबंध में जानकारी देने तथा अपराध व आपराधिक गतिविधियों की सूचना देने के लिए आम लोग गुप्त रूप से एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर संपर्क कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि पंजाब पुलिस ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम “युद्ध नशों के विरुद्ध” को 350वें दिन भी जारी रखते हुए आज 96 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 3.1 किलोग्राम हेरोइन, 7 किलोग्राम चूरा पोस्त, 640 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 58,050 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ ही केवल 350 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 49,602 हो गई है।
नशा मुक्ति अभियान के तहत, पंजाब पुलिस ने आज 41 व्यक्तियों को नशा मुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए भी प्रेरित किया है।









