
चंडीगढ़, 14 फ़रवरी 2026
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज कहा कि पंजाब सरकार की ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम को एक और बड़ी सफलता मिली है। गुरदासपुर ज़िले के कलानौर का निवासी गुरकीरत सिंह कथित तौर पर श्मशानघाट (क्रेमेशन ग्राउंड) के अंदर नशा करते हुए पकड़ा गया। चीमा ने बताया कि आरोपी का सीधा संबंध भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से जुड़ता है और पकड़े गए व्यक्ति की कांग्रेस के विभिन्न वरिष्ठ नेताओं के साथ तस्वीरें भी सामने आई हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि पंजाब भली-भांति जानता है कि जब राज्य में अकाली दल–भाजपा या कांग्रेस की सरकारें रहीं, तब पंजाब में नशे की बाढ़ लाई गई। आज लगातार ऐसे कई लोग पकड़े जा रहे हैं, जिनका प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा से संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब को बर्बाद करने वाली ये पार्टियां आज बेचैन हैं।
चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार द्वारा नशों के खिलाफ लगातार चलाई जा रही मुहिम को सफलता मिल रही है। नशा तस्कर या तो पंजाब से भाग रहे हैं या फिर जेलों में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति नशा करते हुए पकड़ा जा रहा है, सरकार उसका इलाज कराकर उसे ठीक कर रही है।
वित्त मंत्री ने कहा, “इस सफलता को पंजाब के लोग भरपूर समर्थन दे रहे हैं और यह आज एक कारवां बन चुका है। लाखों लोग पंजाब सरकार और आम आदमी पार्टी से इसलिए जुड़े हैं क्योंकि भगवंत मान सरकार पंजाब से नशों का पूरी तरह खात्मा करने के लिए प्रतिबद्ध है।”









