
चंडीगढ़, 17 फ़रवरी:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत शुरू की गई निर्णायक मुहिम ‘गैंगस्टरों पर वार’ के 28वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित और मैप किए गए 630 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरों पर वार’ पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने की दिशा में एक निर्णायक लड़ाई है, जिसकी शुरुआत गौरव यादव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब, ने 20 जनवरी 2026 को की थी। इस अभियान के तहत एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्य-भर में विशेष कार्रवाई कर रही हैं।
अभियान के 28वें दिन पुलिस टीमों ने 156 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से चार हथियार बरामद किए। इसके साथ ही, अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 9,782 तक पहुंच गई है।
इसके अलावा, 88 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 190 व्यक्तियों को जांच और पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने चार भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे वांछित अपराधियों/गैंगस्टरों के बारे में एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गोपनीय रूप से सूचना दे सकते हैं तथा किसी भी प्रकार के अपराध या आपराधिक गतिविधियों से संबंधित जानकारी साझा कर सकते हैं।
इस बीच, पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ को 353वें दिन भी जारी रखते हुए आज 84 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 2.1 किलोग्राम हेरोइन, 92 किलोग्राम भुक्की, 720 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 11,400 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ ही, केवल 353 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 49,974 हो गई है। नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 55 व्यक्तियों को नशा मुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित भी किया है।









