पंजाबराजनीति

श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र के लिए पंजाब सरकार ने 10.50 एकड़ भूमि का कब्ज़ा लिया: हरपाल सिंह चीमा

चंडीगढ़/जालंधर, 19 फरवरी

 

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने करतारपुर रोड पर स्थित गांव नौगज्जा और फरीदपुर में 10.50 एकड़ भूमि का कब्ज़ा लेकर श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र की स्थापना की दिशा में एक निर्णायक कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि यह कदम गुरु रविदास जी की विरासत के सम्मान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

 

भूमि कब्ज़ा लेने की पूरी प्रक्रिया वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, विधायक बलकार सिंह, पंजाब कृषि विकास बैंक के चेयरमैन पवन टीनू, डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल तथा डेरा सचखंड बल्लां के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पूरी की गई।

 

इस अवसर पर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा, “यह अत्यंत प्रसन्नता की बात है कि पंजाब सरकार ने अत्याधुनिक श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र के निर्माण के लिए 10.50 एकड़ भूमि का विधिवत कब्ज़ा प्राप्त कर लिया है। अब इस भूमि का उपयोग गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को समर्पित एक विश्वस्तरीय संस्थान के निर्माण के लिए किया जाएगा।”

 

उन्होंने आगे घोषणा की, “इस स्थल से हाई-टेंशन बिजली लाइनों को स्थानांतरित करने के लिए पंजाब सरकार 55 लाख रुपये का व्यय वहन करेगी, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी देरी के सुचारु रूप से शुरू हो सके।”

 

वित्त मंत्री ने बताया, “भूमि की रजिस्ट्री पहले ही हो चुकी थी और अब कब्ज़ा मिलने के साथ यह परियोजना कार्यान्वयन के महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश कर गई है। केंद्र का डिज़ाइन और लेआउट प्लान डेरा सचखंड बल्लां के प्रतिनिधियों के परामर्श से विशेषज्ञों द्वारा तैयार किया जा रहा है। शीघ्र ही टेंडर जारी किए जाएंगे, ताकि निर्माण कार्य तुरंत शुरू हो सके।”

 

भगवंत मान सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए वित्त मंत्री ने कहा, “श्री गुरु रविदास बाणी अध्ययन केंद्र विश्वभर में गुरु रविदास जी की शिक्षाओं के प्रसार और उनके संदेश को आगे बढ़ाने वाले विद्वानों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पंजाब सरकार गुरु जी की आध्यात्मिक और सामाजिक विरासत के संरक्षण एवं प्रचार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

 

उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। उन्होंने कहा, “गुरु रविदास जी की विरासत को सम्मान देने और उनके द्वारा प्रतिपादित सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए राज्यभर में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।”

 

डेरा सचखंड बल्लां के प्रतिनिधियों ने इस परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा करने और संगतों की वर्षों पुरानी मांग को ईमानदारी एवं तेजी से पूरा करने के लिए पंजाब सरकार का धन्यवाद किया।

 

इसके पश्चात वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने विधायक बलकार सिंह, चेयरमैन पवन टीनू, वरिष्ठ ‘आप’ नेता नितिन कोहली और राजविंदर कौर थियाड़ा सहित डेरा सचखंड बल्लां में नतमस्तक होकर डेरा प्रमुख संत निरंजन दास से आशीर्वाद प्राप्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button