पंजाबराजनीति

कैबिनेट मंत्री संजेव अरोड़ा द्वारा वज़ीराबाद, मंड़ी गोबिंदगढ़ में कारगिल के दक्षिण एशिया के सबसे बड़े पशु आहार निर्माण संयंत्र का उद्घाटन

चंडीगढ़, 26 फ़रवरी 2026

 

पंजाब सरकार की औद्योगिक विकास और निवेश सुविधा के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, बिजली और स्थानीय सरकार मंत्री संजेव अरोड़ा ने आज इंडस्ट्रियल पार्क, वज़ीराबाद (मंडी गोबिंदगढ़) में ₹300 करोड़ की लागत से स्थापित कारगिल प्राइवेट लिमिटेड के नए डेयरी फीड प्लांट का उद्घाटन किया।

 

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि माननीय राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और माननीय मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दूरदर्शी नेतृत्व में “इन्वेस्ट पंजाब” पहल के माध्यम से राज्य में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश हो रहे हैं। इन निवेशों से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं और राज्य के समग्र आर्थिक विकास को गति मिल रही है।

 

उन्होंने कहा कि बढ़ता निवेशक विश्वास यह दर्शाता है कि पंजाब विशेष रूप से कृषि और फूड प्रोसेसिंग क्षेत्रों में निवेश के लिए पसंदीदा गंतव्य बन रहा है। राज्य सरकार प्रगतिशील नीतियों और शांतिपूर्ण औद्योगिक माहौल के जरिए व्यवसाय-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने तथा हर संभव सहयोग देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 

15 एकड़ में फैला यह प्लांट वार्षिक 4.5 लाख मीट्रिक टन उत्पादन क्षमता रखता है और दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा डेयरी फीड प्लांट है। बठिंडा के बाद पंजाब में कारगिल की यह दूसरी बड़ी इकाई है, जिससे राज्य की कृषि-औद्योगिक वैल्यू चेन और मजबूत होगी। कारगिल प्रबंधन ने प्लांट की स्थापना में कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के निरंतर प्रयासों की सराहना की।

 

मंत्री ने बताया कि यह प्लांट डेयरी किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा क्योंकि उच्च गुणवत्ता वाला पशु आहार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगा, जिससे दूध उत्पादन, गुणवत्ता और किसानों की आय में वृद्धि होगी। वैज्ञानिक तरीके से तैयार किया गया चारा पशुओं की सेहत और उत्पादकता को बेहतर बनाएगा और पंजाब के डेयरी क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जैसे पंजाब को भारत का अन्न भंडार माना जाता है, उसी तरह यह जल्द ही अन्य राज्यों के लिए अग्रणी दुग्ध आपूर्तिकर्ता के रूप में भी उभरेगा।

 

मीडिया से बातचीत में मंत्री ने बताया कि 13 से 15 मार्च तक मोहाली में आयोजित होने वाला प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट 2026 देश-विदेश के निवेशकों की बड़ी भागीदारी को आकर्षित करेगा। उन्होंने दोहराया कि सरकार पंजाब को देश के अग्रणी औद्योगिक राज्यों में शामिल करने के लिए लगातार प्रयासरत है और उद्योगपतियों ने राज्य की प्रगतिशील नीतियों पर संतोष व्यक्त किया है।

 

इससे पहले स्थानीय विधायक स. लखबीर सिंह राय ने कहा कि कारगिल प्लांट की स्थापना से क्षेत्र के लगभग 1,000 युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उच्च गुणवत्ता वाले चारे की उपलब्धता से पशुओं की सेहत और दूध की गुणवत्ता में महत्वपूर्ण सुधार आएगा।

 

इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर मिस पूजा सियाल ग्रेवाल, डेविड वेबस्टर (एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट एवं चीफ रिस्क ऑफिसर), ऋषि वर्मा (एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट, चीफ लीगल एवं कंप्लायंस ऑफिसर और कॉर्पोरेट सेक्रेटरी, चेयर एशिया पैसिफिक क्षेत्र), एड्रियानो मार्कोन (प्रेसिडेंट, कारगिल एनिमल न्यूट्रिशन एंड हेल्थ) तथा रविंदर ब्लेन (सीनियर मैनेजिंग डायरेक्टर, कारगिल एनिमल न्यूट्रिशन एंड हेल्थ, इंडिया एवं प्रेसिडेंट, कारगिल इंडिया) भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button