
रूपनगर (रोपड़), 28 फरवरी:
लोकसभा क्षेत्र श्री आनंदपुर साहिब से सांसद मलविंदर सिंह कंग ने आज रोपड़ शहर में लगभग 27 लाख रुपये की लागत से तैयार ओपन जिम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर रूपनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश चड्ढा भी उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा गांवों और शहरों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने तथा युवाओं को खेलों और फिटनेस की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से ये ओपन जिम स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये ओपन जिम युवाओं के साथ-साथ बुजुर्गों, महिलाओं और आम नागरिकों के लिए भी उपयोगी सिद्ध होंगे, जिससे लोग नियमित व्यायाम कर स्वस्थ जीवन जी सकेंगे।
उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में फिटनेस सबसे बड़ा धन है और ओपन जिम के माध्यम से युवाओं को रोज़ाना व्यायाम के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य में भी सुधार होगा।
सांसद ने बताया कि ये ओपन जिम वार्ड नंबर 19, 20, 13, 14, 16, 6 और 5 के पार्कों में स्थापित किए गए हैं।
इस मौके पर विधायक दिनेश चड्ढा ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि सांसद मलविंदर सिंह कंग जो वादा करते हैं, उसे निभाकर भी दिखाते हैं।
इस अवसर पर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन शिव कुमार लालपुरा, मार्केट कमेटी रूपनगर के चेयरमैन भाग सिंह मदान, नगर काउंसिल रूपनगर के प्रधान अशोक वाही, सीनियर वाइस प्रधान एमसी राजू सत्याल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, शिक्षक, सामाजिक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।









