ए.एन.टी.एफ. पंजाब द्वारा बड़ी मात्रा में एम.डी.एम.ए. की बरामदगी से अंतरराष्ट्रीय नशीले पदार्थों के नेटवर्क का पर्दाफाश; छह गिरफ्तार

चंडीगढ़, 28 फरवरी:
अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी के संगठित नेटवर्क को बड़ा झटका देते हुए पंजाब पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने ट्राइसिटी क्षेत्र और लुधियाना में सक्रिय एक अंतरराष्ट्रीय नशीले पदार्थों के नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए इसके छह प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी खास तौर पर शहरी क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को निशाना बनाकर विदेशी मूल के पार्टी ड्रग्स की सप्लाई करते थे। यह जानकारी आज यहां डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ऋषव, मुकेश कुमार, लखविंदर सिंह, रवि कुमार, बलजिंदर सिंह और तलविंदर सिंह के रूप में हुई है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि यह देश में एम.डी.एम.ए. टैबलेट की अब तक की सबसे बड़ी बरामदगियों में से एक है। उन्होंने कहा कि जब्त पदार्थों में 1,215 एमडीएमए टैबलेट, 263 ग्राम कोकीन, 82 ग्राम मेथामफेटामाइन (आइस), विभिन्न वैरिएंट्स में 1.2 किलोग्राम टीएचसी, 16 ग्राम मैजिक मशरूम और 400 ग्राम अफीम शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से 9 लाख रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की गई है।
डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से सामने आया है कि यह सिंडिकेट एयर कूरियर चैनलों के जरिए विदेशों से नशीले पदार्थ मंगवाता था और आगे की सप्लाई तथा पहचान से बचने के लिए एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करता था। मामले के आगे-पीछे के लिंक और अन्य आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है।
कार्रवाई का विवरण साझा करते हुए एआईजी एएनटीएफ अश्वनी गोयल ने बताया कि उन्हें खुफिया सूचना मिली थी कि ऋषव नामक एक ड्रग सप्लायर खरड़ के एक अपार्टमेंट से क्लब और पार्टी सर्किट्स में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहा है, जो मुख्य रूप से ट्राइसिटी क्षेत्र के युवाओं को निशाना बनाता था।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा और ऋषव को 1,215 एमडीएमए टैबलेट, 155 ग्राम कोकीन, 82 ग्राम आइस, 10 वैरिएंट्स में 973 ग्राम टीएचसी, 16 ग्राम मैजिक मशरूम, 400 ग्राम अफीम और 3 लाख रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया।
एआईजी ने आगे बताया कि जांच के दौरान लुधियाना में एक बड़े डिस्ट्रीब्यूशन मॉड्यूल का पता चला, जो ट्राइसिटी क्षेत्र के लिए मुख्य सप्लाई और री-डिस्ट्रिब्यूशन हब के रूप में काम कर रहा था। इसके बाद की गई छापेमारी में मुकेश कुमार, लखविंदर सिंह, रवि कुमार, बलजिंदर सिंह और तलविंदर सिंह को 108 ग्राम कोकीन, 278 ग्राम टीएचसी और 6 लाख रुपये की ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया गया।
एआईजी अश्वनी गोयल ने कहा कि बरामद किए गए कई नशीले पदार्थ वैश्विक स्तर पर अत्यंत खतरनाक माने जाते हैं और इनके गंभीर मानसिक व शारीरिक दुष्प्रभावों के कारण इनके मूल देशों में इनके सेवन के खिलाफ सार्वजनिक स्वास्थ्य परामर्श और प्रवर्तन चेतावनियां जारी की जाती रही हैं।
इस संबंध में एसएएस नगर स्थित एएनटीएफ थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराएं 18, 20, 21, 22, 22(सी), 27 और 29 के तहत एफआईआर नंबर 4 दिनांक 27.02.2026 दर्ज की गई है।









