पंजाबराजनीति

मानवाधिकारों की रक्षा के लिए जिलों में सक्रिय रूप से काम करेंगे कोर ग्रुप: पद्मश्री जतिंदर सिंह शंटी

श्री मुक्तसर साहिब, 28 फरवरी

 

मानवाधिकारों की रक्षा और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पंजाब राज्य मानवाधिकार आयोग प्रतिबद्ध है। इसके लिए राज्य के सभी जिलों में कोर ग्रुप बनाए जा रहे हैं, जो जिला स्तर पर सक्रिय रूप से कार्य करेंगे।

 

यह बात माननीय सदस्य, पंजाब राज्य एवं चंडीगढ़ मानवाधिकार आयोग, सरदार जतिंदर सिंह शंटी (पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित) ने ग्रीन सी रिज़ॉर्ट, श्री मुक्तसर साहिब में मीडिया से बातचीत के दौरान कही।

 

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंजाब राज्य मानवाधिकार आयोग द्वारा सभी जिलों में समर्पित कोर ग्रुप गठित किए जा रहे हैं। इन कोर ग्रुपों में 10-10 सदस्य होंगे, जिनमें मानवाधिकार कार्यकर्ता, वकील तथा अन्य विशेषज्ञ शामिल होंगे। ये समूह मानवाधिकार उल्लंघनों के समाधान हेतु नागरिकों की सुविधा के लिए जमीनी स्तर पर काम करेंगे और त्वरित कार्रवाई के लिए मुद्दों को सीधे आयोग के पास भेजेंगे।

 

उन्होंने बताया कि मानवाधिकार उल्लंघन से संबंधित शिकायतों के लिए आयोग द्वारा हेल्पलाइन नंबर 9855475547 जारी किया गया है, जिस पर ऐसी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं।

 

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मानवाधिकारों की सुरक्षा के लिए आयोग द्वारा नई एडवाइजरी जारी की गई हैं, जिनके तहत किसी भी परिस्थिति में अस्पतालों को शवों को रोककर रखने से सख्त मना किया गया है, चाहे बिलों का भुगतान न हुआ हो। ऐसे कृत्यों को मानव गरिमा और चिकित्सा नैतिकता का गंभीर उल्लंघन माना गया है। अस्पतालों को मृत व्यक्तियों, विशेषकर लावारिस या आर्थिक रूप से कमजोर मामलों में, निःशुल्क या सहायता प्राप्त अंतिम संस्कार/दफन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सम्मानजनक प्रबंधन करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा भी सुनिश्चित की जा रही है, जिसके तहत उन्हें सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना, बीमा कराना आदि अनिवार्य है।

 

इससे पहले लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे लगातार सभी जिलों का दौरा कर जमीनी हकीकत से अवगत हो रहे हैं और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं।

 

इस अवसर पर ब्लड सेवा वेलफेयर सोसाइटी पी.बी. 30 के सभी सदस्यों ने पद्मश्री सरदार जतिंदर सिंह शंटी जी का श्री मुक्तसर साहिब आगमन पर धन्यवाद किया और उनका सम्मान किया गया।

 

इस दौरान सरदार जतिंदर सिंह शंटी ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। इसके अलावा उन्होंने पुलिस विभाग से थानों व चौकियों में सुविधाओं, कैमरों आदि के संबंध में रिपोर्ट मांगी तथा जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं पर समयबद्ध रिपोर्ट भी तलब की। उन्होंने कहा कि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न होने दी जाए।

 

इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) श्री डैवी गोयल, एसडीएम श्री मुक्तसर साहिब श्रीमती वीरपाल कौर, एसडीएम गिद्दड़बाहा जसपाल सिंह बराड़, एसडीएम मलोट पंकज कुमार, सहायक कमिश्नर (ज) एवं मुख्यमंत्री क्षेत्रीय अधिकारी सरदार जुगराज सिंह काहलों, एसपी हरकमल कौर, जिला कल्याण अधिकारी जगमोहन सिंह मान, गुरचरण सिंह धालीवाल, हरचरण सिंह धालीवाल, मुनीश दूआ, बलराज कुमार दूरेजा तथा विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, समाजसेवी और क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button