
श्री आनंदपुर साहिब, 01 मार्च:
जिला प्रशासन रूपनगर द्वारा विरासत-ए-खालसा में 1 मार्च से 3 मार्च 2026 तक तीन दिवसीय क्राफ्ट मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में जिला रूपनगर सहित पंजाब के विभिन्न जिलों से पंजाब राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित सेल्फ हेल्प ग्रुपों के सदस्यों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनियां लगाई गईं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं और कारीगरों को अपने उत्पादों की मार्केटिंग के लिए मंच उपलब्ध कराना था।
क्राफ्ट मेले के दौरान फुलकारी, निटिंग उत्पाद, हल्दी, अचार, मुरब्बे, चटनियां, आयुर्वेदिक दवाइयां तथा फूड स्टॉल सहित कुल 30 स्टॉल लगाए गए। सेल्फ हेल्प ग्रुपों के सदस्यों ने अपने हाथों से तैयार किए गए उत्पादों के माध्यम से अपनी कला और हुनर का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
इसके अलावा क्राफ्ट मेले के दौरान डेयरी विभाग, पशुपालन, मत्स्य पालन, लीड बैंक, जिला रोजगार एवं व्यवसाय ब्यूरो, एस.सी. कॉरपोरेशन, जिला बाल संरक्षण इकाई रूपनगर, डी-एडिक्शन सेंटर रूपनगर, जिला उद्योग केंद्र, बागवानी विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, रेड क्रॉस तथा एन.यू.एल.एम. रूपनगर सहित विभिन्न विभागों द्वारा अपनी जन-कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जनता को जागरूक किया गया और लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
क्राफ्ट मेले के दौरान माननीय अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) रूपनगर चंदर ज्योति सिंह तथा असिस्टेंट कमिश्नर अभिमन्यु मलिक द्वारा विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने सेल्फ हेल्प ग्रुपों के सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे मेले ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के साथ-साथ स्वरोजगार को भी बढ़ावा देते हैं।









