पंजाबराजनीति

पंजाब को ऊनी और फैंसी धागे के कारोबार में 750 करोड़ रुपये का निवेश प्राप्त हुआ; गंगा एक्रोवूल्स लिमिटेड अपने कारोबार के विस्तार के साथ रोजगार के लिए 1500 नए अवसर सृजित करेगी: संजीव अरोड़ा

चंडीगढ़, 2 मार्च 2026:

 

उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, बिजली तथा स्थानीय सरकारों के मंत्री श्री संजीव अरोड़ा ने आज यहां कहा कि पंजाब सरकार राज्य को निवेशकों के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में ऊनी और फैंसी धागे की अग्रणी निर्माता कंपनी गंगा एक्रोवूल्स लिमिटेड ने पंजाब में अपने कारोबार के विस्तार की घोषणा की है।

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए श्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि गंगा एक्रोवूल्स लिमिटेड 60 से अधिक देशों में अपने उत्पादों का निर्यात करती है और वर्तमान में कंपनी में 5600 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी का वार्षिक टर्नओवर 850 करोड़ रुपये है। साथ ही उन्होंने बताया कि कंपनी ने पिछले 4–5 वर्षों में 3000 से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए हैं और 1998 से हर औद्योगिक नीति के तहत पंजाब में निरंतर निवेश किया है। उन्होंने कहा कि ताजा निवेश के माध्यम से कंपनी 1500 से अधिक नए रोजगार अवसर भी पैदा करेगी।

 

नए प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री श्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि कंपनी अब पंजाब में 690 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है, जिसमें से 53 करोड़ रुपये पराली आधारित बॉयलर और टर्बाइन के लिए निवेश किए जा रहे हैं। इससे प्रति वर्ष लगभग 1,20,000 टन पराली (10,000 टन प्रति माह) की खपत होगी, जिससे लगभग 20–25 किलोमीटर के दायरे में आने वाले खेतों में पराली जलाने की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।

 

गंगा एक्रोवूल्स लिमिटेड के अध्यक्ष अमित थापर ने इस बात पर जोर दिया कि कंपनी ने पिछले निवेशक सम्मेलन में 301 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि राज्य में अनुकूल औद्योगिक माहौल, कारोबार में सुगमता को बढ़ावा देने के लिए नीतियों में बदलाव और व्यापार करने की लागत में कमी के कारण हमने अपनी निवेश राशि को संशोधित कर 690 करोड़ रुपये किया और अब इसे बढ़ाकर लगभग 750 करोड़ रुपये करने जा रहे हैं। इसमें से 400 करोड़ रुपये का निवेश पहले ही किया जा चुका है और शेष निवेश अगले 24 महीनों में किया जाएगा।

 

उन्होंने आगे बताया कि कंपनी के विस्तार के साथ अब बुनाई, कारपेट और तकनीकी टेक्सटाइल के विभिन्न क्षेत्रों (सेगमेंट्स) के लिए धागों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह विस्तार उच्च-मूल्य वाले टेक्सटाइल निर्माण और निर्यात में पंजाब की स्थिति को और मजबूत करेगा।

 

इस विस्तार से अतिरिक्त रोजगार सृजन के साथ-साथ स्थानीय मूल्य श्रृंखला, एमएसएमई और सहायक इकाइयों को भी प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। यह विस्तार पंजाब की प्रगतिशील औद्योगिक नीतियों और निवेशक-अनुकूल वातावरण के मजबूत समर्थन को दर्शाता है, जो घरेलू और वैश्विक निर्माताओं के बीच विश्वास को और सुदृढ़ करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button