
चंडीगढ़, 2 मार्च 2026:
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों में बढ़ते तनाव के कारण वहां फंसे पंजाबियों की सहायता के लिए 24×7 कार्यशील हेल्पलाइन जारी की। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवार तत्काल सहायता के लिए 0172 2260042, 0172 2260043 पर कॉल कर सकते हैं या व्हाट्सऐप नंबर +91 94787 79112 पर संदेश भेज सकते हैं। उन्होंने आगे बताया कि राज्य सरकार उनकी सुरक्षित और शीघ्र वापसी सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार के साथ लगातार संपर्क में है और प्रभावित लोगों की सहायता के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
मध्य पूर्व में युद्ध के कारण फंसे पंजाबियों के प्रभावित परिवारों को पूर्ण सहयोग का भरोसा देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “राज्य सरकार फंसे हुए लोगों की सुरक्षित और जल्द वापसी सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार के साथ लगातार बातचीत कर रही है। अरब देशों में तनाव के चलते वहां कई पंजाबी गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। इसी को देखते हुए पंजाब सरकार ने एक हेल्पलाइन जारी की है। यदि कोई व्यक्ति या उसका परिवार इन देशों में फंसा हुआ है, तो वे इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।”
उन्होंने संकट में फंसे लोगों को पूरी मदद का आश्वासन देते हुए बताया कि एक समर्पित हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो दिन-रात कार्यरत रहेगा। उन्होंने कहा, “किसी भी प्रकार की सहायता के लिए लोग 0172 2260042 और 0172 2260043 पर कॉल कर सकते हैं या +91 94787 79112 पर व्हाट्सऐप के माध्यम से संदेश भेज सकते हैं।”
सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हम फंसे हुए लोगों को यथाशीघ्र हर आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।” खाड़ी देशों में फंसे युवाओं और विद्यार्थियों के परिवारों के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, “इस संकट की घड़ी में राज्य सरकार इन परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।”
उन्होंने भारत सरकार से भी मध्य पूर्व में फंसे पंजाबियों की सुरक्षित वापसी के लिए तत्काल हस्तक्षेप की अपील की और आशा व्यक्त की कि केंद्र सरकार युद्ध-प्रभावित खाड़ी देशों में फंसे सभी लोगों की सहायता के लिए आवश्यक कदम तुरंत उठाएगी।









