
मानसा, 2 मार्च:
मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत चलाई जा रही ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ के अंतर्गत लाभार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया में ज़िला मानसा ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे राज्य में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। डिप्टी कमिश्नर नवजोत कौर के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा किए गए सुव्यवस्थित प्रबंधों के कारण पंजीकरण कार्य में लगातार तेजी दर्ज की जा रही है।
इसी प्रगति को और आगे बढ़ाने के लिए आज अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर अनुप्रिता जौहल ने संबंधित विभागों के कर्मचारियों के साथ एक विशेष बैठक की।
बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि प्रशासन का मुख्य लक्ष्य हर पात्र परिवार को इस नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधा के दायरे में लाना है। एडीसी ने बताया कि पंचायत सचिव, आंगनवाड़ी वर्कर और आशा वर्करों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि ये कर्मचारी संयुक्त रूप से गांवों और मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों को योजना के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ पंजीकरण में सहयोग कर सकें।
सब-डिवीज़नों में संबंधित उपमंडल मजिस्ट्रेट व्यक्तिगत रूप से इस अभियान की निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसी भी स्तर पर कोई कठिनाई न आए। अनुप्रिता जौहल ने कहा कि कार्य की गति बनाए रखने के लिए दैनिक आधार पर प्रगति रिपोर्ट तैयार की जा रही हैं।
डीसी नवजोत कौर के निर्देशों के अनुसार पंजीकरण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि ज़िला मानसा ने पंजीकरण में जो अग्रणी स्थान हासिल किया है, उसे बनाए रखने के लिए हमारी टीमें दिन-रात मैदानी स्तर पर काम कर रही हैं। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि स्वास्थ्य सुविधाओं तक हर नागरिक की पहुंच हो और कोई भी लाभार्थी वंचित न रहे।
एडीसी ने जिला वासियों से अपील की कि वे पंजीकरण के लिए आगे आएं और प्रशासनिक टीमों का सहयोग करें, ताकि सरकार द्वारा प्रदान की जा रही नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाया जा सके।









