
चंडीगढ़, 18 मार्च:
पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने सिविल सेवा परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पंजाब विधानसभा में विशेष रूप से सम्मानित किया, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट परिणामों से पंजाब का नाम रोशन किया है।
इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि ये युवा देश का भविष्य हैं और उनकी सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा है।
समारोह के दौरान अमन अलूण, रसनीत कौर, मनप्रीत कौर, जयंत गर्ग और कृतिका चौधरी को सम्मानित किया गया। स्पीकर ने उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा की।
विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए स्पीकर संधवां ने कहा कि सिविल सेवा प्रतियोगी परीक्षा पास करना एक बड़ी उपलब्धि है, जिसके लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की आवश्यकता होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे जनसेवा में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए हमेशा सत्य, ईमानदारी और न्याय को प्राथमिकता दें।
उन्होंने कहा कि कलम और कुर्सी की शक्ति का उपयोग यदि जनकल्याण के लिए किया जाए, तभी समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने देश के सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पंजाब के बेटों-बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और जुनून से यह साबित कर दिया है कि मजबूत इरादों के साथ कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।
पटियाला की सिमरनदीप कौर और रसनीत कौर, बलाचौर की कृतिका चौधरी तथा मानसा की मनप्रीत कौर और आकृति सिंगला ने अपने परिवारों और पंजाब का मान बढ़ाया है।
अंत में स्पीकर संधवां ने कहा कि सरकार भविष्य में भी ऐसे मेधावी और प्रगतिशील विद्यार्थियों को सम्मानित करती रहेगी। इस मौके पर विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां, गोल्डी कंबोज और अन्य कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।









