
चंडीगढ़, 19 मार्च:
भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब से नशों के खात्मे के लिए जारी प्रयासों के तहत, पंजाब पुलिस ने अपनी एंटी-ड्रग मुहिम के 383वें दिन आज राज्यभर में चिन्हित ड्रग हॉटस्पॉट्स पर घेराबंदी एवं तलाशी अभियान (CASO) चलाया।
यह अभियान गौरव यादव के निर्देशों पर राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में एक साथ चलाया गया। पंजाब पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी निगरानी के लिए विभिन्न जिलों में तैनात किया गया था।
दिनभर चले इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने राज्यभर में 426 ड्रग हॉटस्पॉट्स पर छापेमारी की। इस दौरान 200 एफआईआर दर्ज कर 248 लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 710 ग्राम हेरोइन, 20 किलोग्राम भुक्की, 2655 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 14,150 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस कमिश्नरों, डिप्टी कमिश्नरों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार ने नशों के खिलाफ लड़ाई की निगरानी के लिए हरपाल सिंह चीमा की अगुवाई में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी का गठन भी किया है।
स्पेशल डीजीपी कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला, जो इस मुहिम की निगरानी कर रहे हैं, ने बताया कि 1 मार्च 2025 को शुरू की गई ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत अब तक राज्यभर में 38,119 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और 54,190 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से 2384 किलोग्राम हेरोइन, 715 किलोग्राम अफीम, 303 क्विंटल भुक्की, 834 किलोग्राम गांजा, 51.35 लाख नशीली गोलियां/कैप्सूल, 36 किलोग्राम आईसीई और 17 करोड़ रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।
उन्होंने बताया कि नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने 1.21 लाख व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास के लिए केंद्रों में इलाज करवाने के लिए प्रेरित किया है।
इस दौरान ‘गैंगस्टरों पर वार’ मुहिम के 58वें दिन पुलिस टीमों ने 207 व्यक्तियों को चार हथियारों सहित गिरफ्तार किया, जिससे इस मुहिम के तहत कुल गिरफ्तारियों की संख्या 15,458 हो गई है। इसके अलावा 80 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 101 को सत्यापन के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान छह भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया।









