
चंडीगढ़, 28 मार्च 2026:
कैबिनेट मंत्री संज़ीव अरोड़ा ने आज यहां बताया कि ओबरॉय ग्रुप और Springage Solutions Private Limited ने अमृतसर में एक विश्वस्तरीय हॉस्पिटैलिटी प्रोजेक्ट के विकास के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं, जो पंजाब के पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र को बड़ा बढ़ावा देगा।
इस समझौते पर दोनों पक्षों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए, जिनमें ओबरॉय ग्रुप के कॉरपोरेट और कानूनी मामलों के अध्यक्ष आर. शंकर और स्प्रिंगएज सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक डॉ. शाहबाज सिंह, डॉ. अवतार सिंह और डॉ. अमनदीप कौर शामिल थे। इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, पंजाब के प्रशासनिक सचिव गुरकिरत किरपाल सिंह भी उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि आने वाला 150 कमरों वाला यह प्रोजेक्ट ओबरॉय ग्रुप के Trident Hotels ब्रांड के तहत विकसित किया जाएगा और यह अमृतसर-तरण तारन रोड पर श्री हरिमंदिर साहिब से लगभग 3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित होगा। यह प्रोजेक्ट करीब 3 एकड़ क्षेत्र में फैला होगा और इसमें लगभग 400 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जिससे अमृतसर के प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा कि इस प्रोजेक्ट से लगभग 350 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है, जिससे स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि यह प्रोजेक्ट ओबरॉय ग्रुप और स्प्रिंगएज सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त सहयोग से विकसित किया जाएगा, जिसमें ओबरॉय ग्रुप की लग्ज़री हॉस्पिटैलिटी में वैश्विक विशेषज्ञता और स्प्रिंगएज की स्थानीय मौजूदगी का संयोजन होगा।
गौरतलब है कि “ट्राइडेंट” ब्रांड के तहत यह पंजाब का पहला होटल होगा। वर्तमान में भारत में ट्राइडेंट ब्रांड के 9 होटल संचालित हो रहे हैं, जबकि ओबरॉय ग्रुप के देशभर में 32 होटल हैं और 10 अन्य निर्माणाधीन हैं। पंजाब में यह समूह पहले ही न्यू चंडीगढ़ में ओबरॉय सुखविलास स्पा रिज़ॉर्ट संचालित कर रहा है।
अमृतसर प्रोजेक्ट को एक महत्वपूर्ण ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट माना जा रहा है, जिस पर काम जुलाई 2026 में शुरू होने और मार्च 2029 तक पूरा होने की उम्मीद है।
पंजाब सरकार ने Invest Punjab के माध्यम से इस सहयोग को सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाई है, जो पिछले डेढ़ साल से दोनों पक्षों को जोड़ने में सक्रिय रहा है।
राज्य में निवेश की बढ़ती गति को उजागर करते हुए मंत्री ने बताया कि वर्ष 2025-26 में पंजाब ने 59,448 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया है, जो राज्य के इतिहास में सबसे अधिक है और इससे 1,33,221 नौकरियां पैदा होने की संभावना है। इसके अलावा 1 अप्रैल 2022 से अब तक 1,59,947 करोड़ रुपये के निवेश आकर्षित हुए हैं, जिससे 5,57,664 रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है।
यह सहयोग पंजाब को उच्च स्तरीय पर्यटन, आतिथ्य और निवेश के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और वैश्विक सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में अमृतसर की स्थिति को और मजबूत करेगा।
कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि पंजाब न केवल उद्योग, बल्कि प्रीमियम पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी निवेश के लिए भी तेजी से उभर रहा है और Invest Punjab के सहयोग से ऐसे बड़े प्रोजेक्ट राज्य के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।









