
फतेहगढ़ साहिब, 28 मार्च 2026:
पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने 109 नए आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए। इसके साथ ही राज्य में इन क्लीनिकों की कुल संख्या चार वर्षों में बढ़कर लगभग 990 हो गई है, जबकि आने वाले समय में 400 और क्लीनिक खोले जाएंगे।
इस मौके पर ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये क्लीनिक राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम हैं। उन्होंने बताया कि इन क्लीनिकों में 107 दवाइयां और 47 डायग्नोस्टिक टेस्ट पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अब तक इन क्लीनिकों में करीब 5 करोड़ ओपीडी विजिट दर्ज की जा चुकी हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार 65 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड जारी कर रही है, जिनमें से 30 लाख कार्ड पहले ही बन चुके हैं और 1.65 लाख लोग इसका लाभ ले चुके हैं।
केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी क्लीनिकों का नेटवर्क पूरे पंजाब के गांवों और शहरों तक फैलाया जा रहा है, ताकि लोगों को अपने घर के पास ही मुफ्त इलाज, दवाइयां और जांच सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने दावा किया कि इन क्लीनिकों की नियमित निगरानी की जा रही है, जिससे दवाइयों, डॉक्टरों और टेस्ट की कोई कमी नहीं है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और कृषि जैसे क्षेत्रों में लगातार सुधार कर रही है। उन्होंने बताया कि 90% घरों को मुफ्त बिजली दी जा रही है और युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
सरकार द्वारा शुरू की गई “मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना” के तहत लोगों को बड़े निजी अस्पतालों में भी मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा महिलाओं के लिए मासिक आर्थिक सहायता और किसानों के लिए सिंचाई सुविधाओं में भी सुधार किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की भलाई और राज्य का समग्र विकास है, और आने वाले समय में भी इसी दिशा में काम जारी रहेगा।









