पंजाबराजनीति

गैंगस्टरवाद के खिलाफ मान सरकार की मुहिम को मिल रहा जनता का भारी समर्थन: बलतेज पन्नू

चंडीगढ़, 28 मार्च 2026:

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा गैंगस्टरों के खात्मे के लिए शुरू की गई मुहिम को जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। पन्नू ने बताया कि गैंगस्टरों के खिलाफ जारी किए गए विशेष हेल्पलाइन नंबर पर पंजाब के लोगों ने बड़ी संख्या में आगे आकर पुलिस की मदद की है, जो यह दर्शाता है कि अब राज्य में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं बची है।

पन्नू ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि इस हेल्पलाइन पर अब तक लगभग 590 लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज करवाई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता शिकायतकर्ता की सुरक्षा है, इसलिए सूचना देने वाले हर व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जा रही है।

प्राप्त शिकायतों में से 83 शिकायतें नशा तस्करी के खिलाफ, 35 जबरन वसूली (फिरौती), 43 गैंगस्टरों से संबंधित और 86 अवैध हथियारों के मामलों में दर्ज की गई हैं। इन शिकायतों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 63 गंभीर मामलों में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।

पन्नू ने आगे कहा कि इन एफआईआर में विभिन्न गैंगस्टरों और उनके साथियों को नामजद किया गया है, जिससे उनके नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों का निडर होकर शिकायत दर्ज कराना इस बात का प्रमाण है कि पंजाब की जनता को ‘एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स’ और मान सरकार की नीतियों पर पूरा भरोसा है।

उन्होंने यह भी बताया कि कई अन्य शिकायतों पर अभी गहन जांच जारी है और उन पर जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पन्नू ने विश्वास दिलाया कि राज्य को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाने की यह मुहिम तब तक जारी रहेगी, जब तक पंजाब से गैंगस्टरवाद का पूरी तरह सफाया नहीं हो जाता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button