
चंडीगढ़, 1 अप्रैल
पंजाब के वित्त, परिवहन, आबकारी एवं कर मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आर.सी.) और ड्राइविंग लाइसेंस (डी.एल.) जारी करने से संबंधित मुद्दों को हल करने के लिए आज यहां परिवहन विभाग की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में परिवहन सचिव वरुण रूजम, स्टेट ट्रांसपोर्ट कमिश्नर परनीत शेरगिल, सचिव आर.टी.ए., आर.टी.ओ. और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
परिवहन मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया, “जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हमने परिवहन विभाग की व्यापक समीक्षा की है, जिसमें हमारा मुख्य ध्यान आर.सी. और ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने से संबंधित समस्याओं के समाधान पर केंद्रित था।”
उन्होंने कहा, “मैंने इस समय वेरिफिकेशन और अप्रूवल स्तर पर लंबित पड़ी सभी आवेदनों का सख्त संज्ञान लिया है और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन लंबित मामलों का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए।”
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा, “हम समयबद्ध सार्वजनिक सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध हैं, और मैंने उन सभी आवेदनों की बारीकी से निगरानी करने के निर्देश दिए हैं जिनमें तय समय सीमा से अधिक देरी हुई है।”
उन्होंने आगे कहा, “जवाबदेही सुनिश्चित करने और निपटारे की प्रक्रिया को तेज करने के लिए विभाग द्वारा लंबित आवेदनों के साथ-साथ देरी के कारणों का विस्तृत डेटा सक्रिय रूप से एकत्र किया जा रहा है।”
डिजिटल गवर्नेंस के प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा, “हमने फेसलेस और कॉन्टैक्टलेस मोड के तहत दी जा रही ड्राइविंग लाइसेंस सेवाओं की समीक्षा की है और अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इन श्रेणियों के अंतर्गत लंबित आवेदनों पर कड़ी नजर रखी जाए ताकि उनका समय पर निपटारा सुनिश्चित किया जा सके।”
नागरिकों को आ रही परेशानियों पर उन्होंने कहा, “केंद्रीकृत प्रिंटिंग शाखा में आर.सी. और ड्राइविंग लाइसेंस की छपाई के बैकलॉग को प्राथमिकता के आधार पर खत्म किया जाना चाहिए, और इसके लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।”
सड़क सुरक्षा और परिवहन प्रबंधन के संबंध में उन्होंने कहा, “पूरे पंजाब में बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हाईवे ट्रैफिक कैमरों की तैनाती और निगरानी पर विस्तृत चर्चा की गई है।”
उन्होंने आगे कहा, “हम परिवहन नेटवर्क की दक्षता, विश्वसनीयता और पहुंच को बेहतर बनाने के लिए मौजूदा समय-सारिणी की समीक्षा कर रहे हैं और शेष बचे रूटों को ध्यान में रखते हुए पब्लिक ट्रांसपोर्ट के समय को और बेहतर बनाने पर काम कर रहे हैं।”









