भारत रत्न डॉ. बी.आर. अंबेडकर जी की 135वीं जयंती के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह मंगलवार को आयोजित होगा

आदमपुर/जालंधर, 13 अप्रैल:
पंजाब राज्य सहकारी कृषि विकास बैंक के चेयरमैन पवन कुमार टीनू ने पंजाब सरकार द्वारा 14 अप्रैल 2026 को आदमपुर के राजा रॉयल पैलेस, गांव उद्देशियां में भारत के संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. अंबेडकर जी की 135वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किए जा रहे राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों का जायजा लिया।
इस अवसर पर जानकारी देते हुए श्री टीनू ने बताया कि डॉ. बी.आर. अंबेडकर जी के जन्मदिवस पर आयोजित इस राज्य स्तरीय समारोह में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि इस मौके पर मुख्यमंत्री द्वारा ‘मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना’ की शुरुआत भी की जाएगी।
उन्होंने समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों के बैठने, स्वच्छ पेयजल, भोजन, आयोजन स्थल के आसपास साफ-सफाई, निर्बाध बिजली और आवागमन के साथ-साथ वाहनों की उचित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि समारोह में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की विचारधारा पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के सिद्धांतों पर चलते हुए वर्तमान सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे डॉ. बी.आर. अंबेडकर जी की 135वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस राज्य स्तरीय समारोह में बड़ी संख्या में पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करें।









