पंजाबराजनीति

गुरमीत खुड्डियां ने वेटरनरी अधिकारियों, इंस्पेक्टरों और डेयरी विकास इंस्पेक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

चंडीगढ़, 15 अप्रैल:

प्रदेश के पशुपालन क्षेत्र को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए पंजाब के पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन मंत्री श्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने तीन वेटरनरी अधिकारियों, एक वेटरनरी इंस्पेक्टर और 16 डेयरी विकास इंस्पेक्टरों (ग्रेड-2) को नियुक्ति पत्र सौंपे।

उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों के दौरान पशुपालन विभाग में कुल 1257 भर्तियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि 2022 से अब तक मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा पारदर्शी तरीके से योग्यता के आधार पर 619 वेटरनरी अधिकारियों और 579 वेटरनरी इंस्पेक्टरों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा 16 क्लर्क (मुख्यालय), 2 मिल्क रिकॉर्डर, 7 लैब सहायक, 7 कंप्यूटर ऑपरेटर/गणनाकार/पंचर, 1 मशीन ऑपरेटर, 1 इन्क्यूबेटर ऑपरेटर, 2 लीगल क्लर्क और 8 स्टेनोटाइपिस्ट की भी भर्ती की गई है।

पशुपालन मंत्री ने बताया कि कुल 14 क्लर्क और 1 लैब सहायक को सहानुभूति (अनुकंपा) के आधार पर नियुक्त किया गया है।

नव-नियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए श्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने उन्हें अपनी जिम्मेदारियां पूरी ईमानदारी और समर्पण भावना से निभाने के लिए प्रेरित किया, ताकि प्रदेश भर के पशुपालकों और डेयरी मालिकों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण वेटरनरी सेवाएं मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों को किसान समुदाय की भलाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहने और जनसेवा के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

श्री खुड्डियां ने कहा कि मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने न केवल इन रिक्त पदों को भरा है, बल्कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता भी सुनिश्चित की है। इन नई भर्तियों से पंजाब के ग्रामीण क्षेत्रों में पशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी, डेयरी उत्पादकता बढ़ेगी और बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण में भी बड़ी मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button