
चंडीगढ़, 18 अप्रैल:
पंजाब के रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री श्री मोहिंदर भगत ने शुक्रवार शाम पंजाब सचिवालय में रक्षा सेवाएं कल्याण विभाग के कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक की। इस अवसर पर रक्षा सेवाएं कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव सुमेर सिंह गुर्जर और निदेशक भूपिंदर सिंह ढिल्लों (सेवानिवृत्त) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने मंत्री को जानकारी दी कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से संबंधित मामलों में काफी प्रगति हुई है। उन्होंने बताया कि विभिन्न युद्धों के दौरान शहीद हुए अधिकांश सैनिकों के परिवारों को पंजाब सरकार द्वारा पहले ही मुआवजा दिया जा चुका है। इसके अलावा शेष लंबित मामलों और उनकी वर्तमान स्थिति पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि खाली पदों को भरने की प्रक्रिया भी तेजी से की जा रही है। इस अवसर पर विभागीय बजट और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री श्री भगत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से संबंधित सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सैनिकों के प्रति पंजाब सरकार पूर्ण श्रद्धा और सम्मान रखती है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनकी हर संभव सहायता के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।









