पंजाबराजनीति

आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों की भलाई को पंजाब सरकार द्वारा विशेष प्राथमिकता : डॉ. बलजीत कौर

चंडीगढ़, 18 अप्रैल: मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार जहां समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है, वहीं आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों के कल्याण को भी विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। पंजाब सरकार द्वारा आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों की समस्याओं के समाधान तथा उनकी भलाई के लिए लगातार ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। यह बात सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कही।

आज पंजाब भवन में सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने विभाग की निदेशक श्रीमती शेना अग्रवाल और डिप्टी डायरेक्टर श्रीमती सुमनदीप कौर की उपस्थिति में आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों के साथ बैठक करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी वर्कर और हेल्पर विभाग का अहम हिस्सा हैं तथा जमीनी स्तर पर बच्चों, महिलाओं और परिवारों तक सरकारी योजनाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों की हर जायज मांग पर गंभीरता से विचार कर उसे पूरा किया जाएगा।

बैठक के दौरान आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों द्वारा उठाई गई मांगों को कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों की समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने आगे कहा कि जिन मांगों का समाधान सरकार स्तर पर होना है, उन्हें नवगठित सब-कमेटी के समक्ष विचारार्थ रखा जाएगा और उनका समाधान भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि आंगनवाड़ी वर्कर और हेल्पर बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ माताओं को जागरूक करने में भी अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि गांवों और शहरों में घर-घर जाकर की जा रही यह सेवा समाज की मजबूत नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

मंत्री ने आगे कहा कि पंजाब सरकार आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्परों के मान-सम्मान को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा उनकी भलाई के लिए भविष्य में भी आवश्यकता अनुसार उचित निर्णय लिए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button