
चंडीगढ़, 18 अप्रैल:
राज्य के औद्योगिक और आर्थिक विकास को गति देने के लिए पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों के तहत मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज फूड प्रोसेसिंग, लॉजिस्टिक्स, अलॉयज एवं स्टील, फार्मास्यूटिकल और सूचना प्रौद्योगिकी सहित प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने तथा निवेश आकर्षित करने के लिए नीदरलैंड दौरे पर रवाना हो गए हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि हमारा दृष्टिकोण पूरी तरह स्पष्ट है, जो नीति स्थिरता, तेज निर्णय प्रक्रिया और निवेशकों के समय एवं विश्वास का सम्मान करने वाली शासन प्रणाली प्रस्तुत कर पंजाब को वैश्विक स्तर पर उद्योगों के लिए पसंदीदा स्थान बनाना है।
यह दौरा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि नीदरलैंड भारत के सबसे बड़े विदेशी निवेशकों में से एक है और कई डच कंपनियां पहले ही पंजाब में अपना कारोबार चला रही हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने इससे पहले अक्टूबर 2023 में विविधा इंडस्ट्रियल पार्क, राजपुरा में डी ह्यूस फैक्ट्री का शिलान्यास किया था। इसी तरह आलू की फसल के लिए इंडो-डच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहले से ही राज्य में सफलतापूर्वक कार्य कर रहा है, जो पंजाब और नीदरलैंड के बीच बढ़ते सहयोग को दर्शाता है।
इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री राज्य के औद्योगिक विकास को और बढ़ावा देने के लिए प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी के महत्व को उजागर करेंगे। वह पंजाब की रणनीतिक स्थिति, एनसीआर और प्रमुख बंदरगाहों से निर्बाध संपर्क, मजबूत औद्योगिक क्लस्टर, गुणवत्तापूर्ण निर्बाध बिजली आपूर्ति, कुशल कार्यबल और प्रगतिशील नीति ढांचे को रेखांकित करते हुए पंजाब को उत्तर भारत के प्रमुख निवेश केंद्र के रूप में प्रस्तुत करेंगे।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल पंजाब सरकार द्वारा लागू किए गए प्रमुख प्रशासनिक और नियामक सुधारों को भी प्रस्तुत करेगा, जिनमें 173 सरकार-से-व्यवसाय सेवाएं, ऑटो-डीम्ड मंजूरियां, पैन आधारित व्यावसायिक पहचान और पंजाब राइट टू बिजनेस एक्ट में संशोधन सहित फास्टट्रैक पंजाब सिंगल विंडो प्रणाली शामिल है।
इस प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य रोड शो, वन-टू-वन बिजनेस मीटिंग्स और बड़ी वैश्विक कंपनियों तथा संस्थाओं के साथ संवाद के माध्यम से पंजाब को यूरोपीय देशों के लिए निवेश के आकर्षक केंद्र के रूप में प्रस्तुत करना और राज्य में नया निवेश लाना है।









