मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में पंजाब के बुनियादी ढांचे का कायाकल्प लगातार जारी: हरभजन सिंह ईटीओ

चंडीगढ़, 18 अप्रैल
मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य के बुनियादी ढांचे को विश्वस्तरीय बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने आज सड़क विकास कार्यों की प्रगति साझा करते हुए बताया कि राज्य में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 45,000 किलोमीटर लंबी सड़कों के निर्माण और मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। सरकार का मुख्य लक्ष्य पंजाब के हर गांव को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ना है, ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिल सके।
कैबिनेट मंत्री ने सड़कों की गुणवत्ता और टिकाऊपन पर जोर देते हुए कहा कि सरकार ने सख्त नियम लागू किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क बनने के बाद अगले 5 वर्षों तक यदि सड़क को किसी भी प्रकार का नुकसान होता है, तो उसकी मरम्मत की पूरी जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की होगी।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ‘मुख्यमंत्री फ्लाइंग स्क्वॉड’ का गठन किया गया है, जो सीधे तौर पर निगरानी कर रहा है। इसके साथ ही एक विशेष ‘क्वालिटी कंट्रोल सेल’ भी सक्रिय है और विभाग के अधिकारी समय-समय पर अचानक निरीक्षण कर रहे हैं।
ईटीओ ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान स्वयं विकास कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। कई स्थानों पर उन्होंने खुद निर्माण कार्यों का जमीनी निरीक्षण किया है। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की घटिया या निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भ्रष्टाचार और लापरवाही के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है।
तकनीकी नवाचार का उल्लेख करते हुए कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंजाब में पहली बार ‘फुल डेप्थ रिक्लेमेशन’ (एफडीआर) जैसी आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इस तकनीक के तहत वर्तमान में 540 किलोमीटर लंबी लिंक सड़कों का निर्माण किया जा रहा है।
एफडीआर तकनीक की विशेषता यह है कि इसमें सड़क का स्तर घरों के स्तर के अनुसार रखा जाता है, जिससे जलभराव की समस्या नहीं होती। जल्द ही इस तकनीक का दायरा बढ़ाकर राज्य की अन्य सड़कों को भी इसके अंतर्गत शामिल किया जाएगा।
मंत्री ने यह भी बताया कि पिछले दिनों हुई बेमौसमी बारिश के कारण निर्माण कार्यों में कुछ देरी अवश्य हुई है, लेकिन विभाग अब दोगुनी गति से काम कर रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जून तक 45,000 किलोमीटर सड़कों का निर्धारित लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा, जिससे पंजाब के लोगों को सुगम और सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिलेगी।









