पंजाबराजनीति

मुख्यमंत्री द्वारा निवेश को प्रोत्साहित करने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए वैश्विक स्तर पर प्रयास जारी।

चंडीगढ़, 21 अप्रैल – निवेश को प्रोत्साहित करने और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को और बढ़ावा देने के लिए वैश्विक स्तर पर अपनी पहुंच जारी रखते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आर्थिक सहयोग को मजबूत करने और लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ावा देने के प्रयास लगातार कर रहे हैं।

नीदरलैंड्स इंडिया चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड ट्रेड की चेयरपर्सन मिस एडिथ नॉर्डमैन की अगुवाई वाले प्रतिनिधिमंडल के साथ रणनीतिक बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने पंजाब और नीदरलैंड्स के बीच द्विपक्षीय व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने और निवेश प्रवाह को बढ़ावा देने की वकालत की। उन्होंने वैल्यू एडिशन, निर्यात आधारित विकास और वैश्विक सप्लाई चेन से तालमेल, खासकर फूड प्रोसेसिंग और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में पंजाब के रणनीतिक फोकस को भी उजागर किया।

भगवंत सिंह मान ने एनआईसीसीटी को पंजाब को हॉलैंड के उद्योगों से जोड़ने तथा सेक्टर-विशेष सहभागिता और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों में सक्रिय भूमिका निभाने का निमंत्रण दिया।

इस दौरान हेग में आयोजित निवेश रोड शो में मुख्यमंत्री ने राज्य की औद्योगिक ताकत और उभरते अवसरों को प्रस्तुत किया, जिसमें नीदरलैंड्स के उद्योगपतियों, व्यापारिक प्रतिनिधियों और साझेदारों ने भाग लिया। भगवंत सिंह मान ने वैल्यू एडेड मैन्युफैक्चरिंग, औद्योगिक विकास और निर्यात आधारित अर्थव्यवस्था की ओर पंजाब के परिवर्तन पर प्रकाश डाला।

उन्होंने राज्य के मजबूत बुनियादी ढांचे को भी प्रदर्शित किया, जिसमें विकसित औद्योगिक माहौल, कुशल कार्यबल, प्रगतिशील नीतियां और निवेशक-अनुकूल प्रशासनिक ढांचा शामिल है।

मुख्यमंत्री ने पंजाब और नीदरलैंड्स के बीच मजबूत ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों पर भी जोर दिया, जो खुलेपन और नवाचार के साझा मूल्यों को दर्शाते हैं। उन्होंने निवेश को बढ़ावा देने और कारोबार करने में आसानी के प्रति राज्य सरकार की सक्रिय एवं सुधारवादी सोच को रेखांकित करते हुए कहा कि औद्योगिक एवं व्यापार विकास नीति 2026 देश की सबसे प्रतिस्पर्धी नीतियों में से एक है।

भगवंत सिंह मान ने सिंगल विंडो क्लीयरेंस और समयबद्ध मंजूरियों को सुनिश्चित करने में फास्ट ट्रैक पंजाब पोर्टल की प्रभावशीलता की भी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने पंजाब और नीदरलैंड्स के बीच साझा सांस्कृतिक मूल्यों और उद्यमशील भावना की सराहना करते हुए वैश्विक निवेशकों को “पंजाब आइए, निवेश कीजिए और आगे बढ़िए” का निमंत्रण दिया। उन्होंने पंजाब के रणनीतिक लाभों को भी उजागर किया और निर्बाध निवेश को सुगम बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने पंजाब की विशेषताओं जैसे गुणवत्तापूर्ण बुनियादी ढांचा, प्रगतिशील किसान और विश्व स्तरीय मानकों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन पर जोर दिया तथा डच कंपनियों को नए निवेश के लिए पंजाब को एक संभावित गंतव्य के रूप में देखने का निमंत्रण दिया।

मुख्यमंत्री ने एक सामुदायिक कार्यक्रम के दौरान प्रवासी पंजाबियों से भी बातचीत की, जिससे सांस्कृतिक संबंध मजबूत करने और लोगों के बीच संपर्क गहरा करने का अवसर मिला। उन्होंने सांस्कृतिक और आर्थिक माध्यमों से द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में नीदरलैंड्स में भारतीय और पंजाबी समुदाय के योगदान को सराहा।

इस दौरान भगवंत सिंह मान ने उनके सुझाव भी मांगे और पंजाब के विकास अभियान में प्रवासी पंजाबियों को प्रमुख साझेदार के रूप में जोड़ने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा, मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, नीदरलैंड्स में भारतीय राजदूत कुमार तुहिन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button