पंजाब

पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने फिरोजपुर से दुबई के लिए मिर्च की 15 टन की पहली खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

फिरोजपुर, 21 अप्रैल 2026

मिर्च की खेती को लाभदायक व्यवसाय बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत सारागढ़ी फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के किसानों के सहयोग से पहली बार हरी मिर्च की 15 टन की खेप को गांव हकूमत सिंह वाला से पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां द्वारा हरी झंडी दिखाकर दुबई के लिए रवाना किया गया।

पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि उन्हें यह देखकर बहुत खुशी हुई है कि पंजाब में उत्पादित हरी मिर्च को भारत से बाहर दुबई भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की मिर्च के अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहुंचने से मिर्च उत्पादक किसानों और अन्य किसानों को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति में भी सुधार होगा।

उन्होंने बताया कि पंजाब में लगभग 19,661 हेक्टेयर क्षेत्र में मिर्च की खेती की जाती है, जिससे करीब 2,94,915 मीट्रिक टन हरी मिर्च का उत्पादन होता है। पंजाब के प्रमुख मिर्च उत्पादक जिलों में फिरोजपुर, पटियाला, मलेरकोटला, संगरूर, जालंधर, तरनतारन, अमृतसर, एस.बी.एस. नगर और होशियारपुर शामिल हैं।

उन्होंने आगे कहा कि पंजाब की हरी मिर्च को पहले से ही मध्य प्रदेश, हिमाचल, जम्मू, दिल्ली और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में भेजा जाता है। फिरोजपुर जिले में 2,747 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में मिर्च की खेती होती है, जो राज्य में सबसे अधिक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button