पंजाबराजनीति

अमृतसर में नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़; 12 किलो हेरोइन समेत 3 गिरफ्तार।

चंडीगढ़/अमृतसर, 3 मई: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने सीमा पार से नशा तस्करी करने वाले मॉड्यूल के तीन सदस्यों को 12 किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार कर इस नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने आज यहां साझा की।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरजंट सिंह निवासी गांव सकतरा (तरनतारन), अरविंदर सिंह और जस्सनप्रीत सिंह निवासी गांव बुग्गा, जिला तरनतारन के रूप में हुई है। नशीले पदार्थों की खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने खेप की ढुलाई के लिए इस्तेमाल किए जा रहे उनके काले रंग के हीरो मोटरसाइकिल (PB46 AL 2286) को भी जब्त कर लिया है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी गुरजंट सिंह पाकिस्तान स्थित तस्कर के संपर्क में था। उन्होंने बताया कि गुरजंट को पाकिस्तानी तस्कर ने उसके गांव के आसपास सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन की खेप उठाने की जिम्मेदारी सौंपी थी, जिसे वह आगे अपने साथियों अरविंदर सिंह और जस्सनप्रीत सिंह तक पहुंचाने वाला था।

ऑपरेशन संबंधी जानकारी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि अमृतसर पुलिस को सूचना मिली थी कि गुरजंट को ड्रोन के माध्यम से एक बड़ी खेप प्राप्त हुई है और वह इसे अपने साथियों तक पहुंचाने जा रहा है। इस पुख्ता सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने टोल प्लाजा के पास अमृतसर-छबाल रोड के आसपास विशेष नाकेबंदी की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को रोका और तलाशी के दौरान उनके पास से 12 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।

डीजीपी ने कहा कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और आगे-पीछे के लिंक स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है।

इस संबंध में एफआईआर नंबर 28 दिनांक 02-05-2026 को एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 25 और 29 के तहत पुलिस स्टेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में मामला दर्ज किया गया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button