पंजाबराजनीति

मान सरकार ने पंजाब पुलिस को गैंगस्टरों पर शिकंजा कसने के लिए और मजबूत किया: बलतेज पन्नू

चंडीगढ़, 3 मई: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा राज्य में कानून-व्यवस्था और नशा मुक्ति के लिए उठाए जा रहे क्रांतिकारी कदमों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के तहत पंजाब में ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ और ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान पूरी प्रतिबद्धता के साथ चलाए जा रहे हैं।

गैंगस्टरों पर शिकंजा मजबूत करने के लिए पंजाब पुलिस की तकनीकी प्रगति पर बात करते हुए पन्नू ने कहा कि पुलिस अब पूरी तरह हाई-टेक हो चुकी है। गैंगस्टरों पर नकेल कसने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल किया जा रहा है। पंजाब पुलिस ने एक आधुनिक ‘वॉइस बैंक’ तैयार किया है, जिसमें 84,000 से अधिक आरोपियों और संदिग्धों के वॉइस सैंपल शामिल किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि हाल ही में शंभू विस्फोट मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने पुराने धमाकों में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है। ये गिरफ्तारियां इसी तकनीक की मदद से संभव हो पाई हैं।

पन्नू ने बताया कि पंजाब पुलिस के पास अब दुनिया भर में सक्रिय लगभग 3 लाख 90 हजार से अधिक अपराधियों का विशाल डेटाबेस मौजूद है। वॉइस रिकग्निशन सिस्टम की मदद से अब अपराधियों की पहचान और उनके ठिकानों का पता महज कुछ ही मिनटों में लगाया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि पंजाब की शांति भंग करने की कोशिश करने वाला अब बच नहीं सकेगा। राज्य की हाई-टेक पुलिस इस उन्नत तकनीक की मदद से हर अपराधी को ढूंढ निकालेगी।

नशे और गैंगस्टरवाद के खिलाफ ‘आप’ सरकार के अभियान का जिक्र करते हुए बलतेज पन्नू ने बताया कि ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान पिछले 427 दिनों से लगातार जारी है। इस अभियान के तहत भारी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए जा रहे हैं और तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे की कमाई से बनाए गए आलीशान भवनों पर सरकार का ‘पीला पंजा’ (बुलडोजर) लगातार चल रहा है। यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक पंजाब को पूरी तरह नशा मुक्त नहीं बना दिया जाता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button