
चंडीगढ़, 21 मई : Punjab Vigilance Bureau ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अपने अभियान के दौरान जिला राजस्व अधिकारी, मोगा के रीडर दविंदर पाल सिंह को 20,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आज यहां यह जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गांव चक्क कानियां खुर्द, तहसील धर्मकोट, जिला Moga के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के पुत्र का 13 एकड़ जमीन के बंटवारे संबंधी मामला डीआरओ, मोगा की अदालत में चल रहा था। आरोपी रीडर दविंदर पाल सिंह ने कथित तौर पर 5 से 6 महीनों के भीतर मामले का जल्द निपटारा करने के लिए 1,00,000 रुपये रिश्वत की मांग की। उसने शिकायतकर्ता को 50,000 रुपये रिश्वत की रकम अग्रिम के रूप में देने तथा शेष 50,000 रुपये मामले के निपटारे के बाद देने के लिए कहा था। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने संबंधी पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी।
रिश्वत देने के लिए तैयार न होने पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो यूनिट मोगा से संपर्क किया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने आरोपी रीडर को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 20,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो के थाना फिरोजपुर में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।









