होशियारपुर नगर निगम चुनाव का कार्यक्रम घोषित, 5 जुलाई को होंगे मतदान : आशिका जैन

होशियारपुर, 20 जून: डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी Aashika Jain ने बताया कि पंजाब राज्य निर्वाचन आयोग ने होशियारपुर नगर निगम चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही संबंधित नगर निगम क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 22 जून से शुरू होगी। उम्मीदवार 22, 23 और 24 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे, जबकि 25 जून को दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र जमा कराने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। 26 जून को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी और 27 जून को दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि 5 जुलाई 2026 (रविवार) को नगर निगम के 50 वार्डों में मतदान कराया जाएगा। जिले में लगभग 1.34 लाख मतदाता पंजीकृत हैं और कुल 139 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया 7 जुलाई 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।
आशिका जैन ने बताया कि मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के माध्यम से कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद उसी दिन संबंधित मतदान केंद्रों पर मतगणना की जाएगी, जिससे चुनाव परिणाम शीघ्र घोषित किए जा सकेंगे।
जिला चुनाव अधिकारी ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अधिसूचना जारी होते ही नगर निगम क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है और इसके प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, संभावित उम्मीदवारों और नागरिकों से चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा चुनाव संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।









