मध्य प्रदेशराज्य

MP TET पर नया पेंच: ऑफलाइन परीक्षा कराने से ESB का इनकार, डेढ़ लाख शिक्षकों में बढ़ी बेचैनी

मध्य प्रदेश के करीब डेढ़ लाख सेवारत शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर नई उलझन खड़ी हो गई है। शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने TET ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन कराने की घोषणा की थी। इसके बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) को ऑफलाइन परीक्षा कराने का प्रस्ताव भेजा, लेकिन ESB ने परीक्षा ऑफलाइन कराने में असमर्थता जता दी है।

ESB के इस जवाब के बाद अब स्कूल शिक्षा विभाग को परीक्षा के लिए नई एजेंसी तलाशनी पड़ सकती है। इससे परीक्षा की तारीख और पूरी प्रक्रिया में बदलाव की संभावना बढ़ गई है।सात साल से ऑनलाइन परीक्षा करा रहा ईएसबी

ईएसबी ने विभाग को भेजे जवाब में स्पष्ट किया है कि मंडल पिछले सात वर्षों से केवल ऑनलाइन परीक्षाएं आयोजित कर रहा है। ऑफलाइन परीक्षा कराने की व्यवस्था बंद की जा चुकी है। यदि TET ऑफलाइन मोड में आयोजित करनी है तो इसके लिए अलग एजेंसी का चयन करना होगा।

यानी सरकार के फैसले के बाद अब विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती ऐसी एजेंसी चुनने की है, जो बड़ी संख्या में शिक्षकों की ऑफलाइन पात्रता परीक्षा व्यवस्थित तरीके से करा सके।

12 अक्टूबर की प्रस्तावित तारीख पर भी संकट

ESB ने TET के लिए 12 अक्टूबर की तारीख प्रस्तावित की थी, लेकिन परीक्षा एजेंसी बदलने की स्थिति में अब इस तारीख पर परीक्षा होना मुश्किल माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार परीक्षा नवंबर या दिसंबर में आयोजित की जा सकती है।

फिलहाल करीब 12 हजार शिक्षकों ने ही आवेदन किया है। विभाग का मानना है कि परीक्षा में सभी पात्र सेवारत शिक्षकों को अवसर दिया जाना है, इसलिए आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त समय दिया जाएगा।

18 सितंबर तक बढ़ी आवेदन की तारीख

ESB ने TET के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 18 सितंबर कर दी है। फिलहाल आवेदन और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया एमपी ऑनलाइन के माध्यम से जारी है।

अधिकारियों के अनुसार, जिन शिक्षकों ने पहले ही आवेदन कर दिया है, उन्हें एजेंसी बदलने की स्थिति में दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। उनके आवेदन और जमा शुल्क को नई परीक्षा व्यवस्था में समायोजित किया जाएगा।

नई एजेंसी पर सीएम से चर्चा के बाद फैसला

परीक्षा के लिए नई एजेंसी का चयन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा के बाद किया जाएगा। विभागीय स्तर पर मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) को भी परीक्षा की जिम्मेदारी सौंपने के विकल्प पर विचार हो सकता है।

हालांकि, MPPSC ने इससे पहले शिक्षक पात्रता परीक्षा या शिक्षकों की भर्ती परीक्षा आयोजित नहीं की है। ऐसे में परीक्षा का जिम्मा किस एजेंसी को मिलेगा, इस पर अंतिम फैसला शासन स्तर पर ही होगा।

नई एजेंसी का चयन होने के बाद परीक्षा की तारीख, परीक्षा केंद्रों और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। फिलहाल ESB के ऑफलाइन परीक्षा से इनकार के बाद TET की प्रस्तावित समय-सारिणी पर अनिश्चितता बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button