
पटियाला रोड से एयरफोर्स स्टेशन हाई ग्राउंड को जोड़ने वाली एयरफोर्स रोड पर कथित अवैध कब्जे हटाने पहुंची नगर परिषद टीम और एक सोसायटी के कर्मचारियों में विवाद हो गया। नगर परिषद कर्मचारियों ने सुरक्षा गार्डों और कर्मचारियों पर कार्रवाई में बाधा डालने तथा हाथापाई करने का आरोप लगाया। इसके बाद कर्मचारी सड़क पर बैठ गए, जिससे जाम लग गया और कई स्कूली बसें फंस गईं।
करीब 110 फुट चौड़ी सड़क पर वाहनों की पार्किंग और अन्य कथित कब्जों के कारण कई जगह चौड़ाई करीब 40 फुट रह गई है। एयरफोर्स और नगर परिषद अधिकारियों ने कुछ समय पहले सड़क की पैमाइश कर सीमांकन के लिए बुर्जियां लगाई थीं।









