बिहारराज्य

आरा-बक्सर हाईवे पर पिकअप ने राहगीर को रौंदा, मौके पर मौत; आक्रोशित लोगों ने जाम क‍िया फोरलेन

भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-बक्सर हाईवे पर दोघरा के समीप सोमवार की सुबह तेज रफ्तार बेकाबू पिकअप ने एक राहगीर को रौंद दिया।

हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान दोघरा गांव निवासी 50 वर्षीय राज कुमार महतो के रूप में हुई।

दोघरा पेट्रोल पंप के समीप हुए हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने फोरलेन को जाम कर दिया है। आक्रोशित ग्रामीण कट के पास अनियंत्रित परिचालन पर रोक लगाने और मुआवजा की मांग कर रहे हैं।

हादसे के बाद पिकअप जब्‍त, चालक फरार

पुलिस ने पिकअप को जब्त कर लिया है। चालक फरार है। सड़क जाम के कारण परिचालन अवरूद्ध हो गया है। बताया जाता है कि राज कुमार महतो खेत से शौच कर घर लौट रहे थे।

इसी दौरान हाईवे पर तेज गति से आ रही पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर भागने में सफल रहा। घटनास्‍थल पर ही राजकुमार महतो ने दम तोड़ द‍िया।

फोरलेन जाम कर लोगों ने मांगा मुआवजा

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर फोरलेन जाम कर दिया।

इससे आरा-बक्सर हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलने पर बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

लोगों को समझाने का प्रयास क‍िया, लेक‍िन लोग मानने को तैयार नहीं थे। इधर राजकुमार की मौत के बाद परिवार में मातम पसर गया है। स्‍वजन रो-रोकर बेहाल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button