
जिले में नया बिजली कनेक्शन लेना अब उपभोक्ताओं की जेब पर भारी पड़ेगा। राज्य में बिजली कनेक्शन की नई दरें एक नवंबर से लागू हो जाएंगी।
नई व्यवस्था के तहत घरेलू और औद्योगिक श्रेणी के उपभोक्ताओं को नया बिजली कनेक्शन लेने के लिए पहले की तुलना में निर्धारित सेवा संयोजन शुल्क का भुगतान करना होगा।
बिजली कंपनी ने 150 किलोवाट तक के नए कनेक्शन के लिए अलग-अलग श्रेणियों और लोड के आधार पर शुल्क निर्धारित किया है। ऐसे में अब नया कनेक्शन लेने से पहले उपभोक्ताओं को अपनी जेब का हिसाब लगाना होगा।
जानकारी के अनुसार, बिहार विद्युत विनियामक आयोग ने जुलाई महीने में ही बिजली कनेक्शन की नई दरों को मंजूरी दे दी थी। इसके बाद 29 जुलाई को बिजली कंपनियों की ओर से जिलों को भी नई दरों से संबंधित सूचना जारी कर दी गई थी।
इसी दौरान कैमूर में भी अब एक नवंबर से इन दरों को लागू किया जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को आवेदन करते समय ही कनेक्शन के लिए लगने वाले शुल्क की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। नए कनेक्शन के लिए स्मार्ट प्रीपेड मीटर की शर्त भी तय कर दी गई है।
इससे उपभोक्ता अपने स्वीकृत लोड के अनुसार शुल्क का आकलन कर सकेंगे। बिजली कंपनी की ओर से विद्युतीकृत क्षेत्रों में सिंगल फेज, एलटी थ्री फेज और एचटी श्रेणी के नए बिजली कनेक्शन के लिए अलग-अलग सेवा संयोजन शुल्क तय किए गए हैं।
प्रति किलोवाट 300 रुपये एक्सट्रा
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए सिंगल फेज कनेक्शन में तीन किलोवाट तक का लोड लेने पर 900 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। यानी प्रत्येक किलोवाट के हिसाब से 300 रुपये का भुगतान करना होगा। वहीं, तीन किलोवाट से अधिक लोड वाले कनेक्शन के लिए 2700 रुपये के साथ प्रत्येक अतिरिक्त किलोवाट पर 1000 रुपये देने होंगे।
इसी तरह एलटी थ्री फेज श्रेणी के तहत पांच किलोवाट तक का कनेक्शन लेने पर उपभोक्ताओं को 4500 रुपये सेवा संयोजन शुल्क देना होगा। पांच किलोवाट से अधिक लोड होने पर 4500 रुपये के अतिरिक्त प्रत्येक किलोवाट पर 1500 रुपये का भुगतान करना पड़ेगा।
वहीं, एचटी थ्री फेज श्रेणी में 20 किलोवाट तक के कनेक्शन के लिए 21 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। 20 किलोवाट से अधिक लोड होने पर 21 हजार रुपये के साथ प्रत्येक अतिरिक्त किलोवाट पर 2000 रुपये देने होंगे।
इस श्रेणी में अधिक क्षमता का बिजली कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को ज्यादा राशि खर्च करनी पड़ेगी। नई दरें लागू होने से घर, दुकान, प्रतिष्ठान और उद्योग के लिए नया बिजली कनेक्शन लेने वाले लोगों को अब निर्धारित शुल्क के अनुसार भुगतान करना होगा।
खासकर ऐसे उपभोक्ता जो अपने घरों में अधिक लोड का कनेक्शन लेना चाहते हैं या नए व्यावसायिक प्रतिष्ठान शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें नई दरों का ध्यान रखना होगा।
बिजली कंपनी की नई व्यवस्था का उद्देश्य कनेक्शन प्रक्रिया में शुल्क को स्पष्ट करना और निर्धारित श्रेणियों के अनुसार सेवा संयोजन शुल्क लागू करना है।
हालांकि, उपभोक्ताओं के लिए अब नया कनेक्शन लेने से पहले लोड और उसकी श्रेणी की सही जानकारी लेना जरूरी होगा, ताकि आवेदन के समय शुल्क को लेकर किसी तरह की परेशानी नहीं हो।








