बिहारराज्य

भागलपुर के 1.16 लाख बाढ़ पीड़ितों के खाते में आएंगे ₹7000; पटना से CM सम्राट चौधरी करेंगे क्लिक, 27 हजार को इंतजार

गंगा और कोसी की विनाशकारी बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहे भागलपुर के लाखों परिवारों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी आर्थिक राहत लेकर आया है। जिले के 11 प्रखंडों के कुल 1,16,702 बाढ़ पीड़ित परिवारों के बैंक खातों में आज 7,000 रुपये प्रति परिवार की दर से सरकारी अनुग्रहिक राहत (जीआर) राशि सीधे अंतरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री मंगलवार सुबह 11:30 बजे पटना स्थित ‘संकल्प’ सभागार से एक सिंगल क्लिक के जरिए इस विशेष डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) प्रक्रिया की शुरुआत करेंगे। पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम (PFMS) के माध्यम से यह धनराशि सीधे पात्र लाभुकों के बैंक खातों में क्रेडिट होगी।

बाढ़ का जलस्तर धीरे-धीरे घटने के बाद विस्थापित परिवार अब राहत शिविरों और बांधों से अपने जलमग्न घरों की ओर लौटने लगे हैं। घरों में पसरी गाद की सफाई, कीचड़ हटाने, क्षतिग्रस्त गृहस्थी के सामान की भरपाई और रोजमर्रा के खान-पान की जरूरतों को पूरा करने के लिए यह 7-7 हजार रुपये की आर्थिक मदद पीड़ितों के लिए बड़ा संबल बनेगी।

जिले में कुल 1,44,233 लाभुक परिवार चिह्नित किए गए थे, जिनमें से प्रखंड स्तर पर 1,16,828 परिवारों की अनुशंसा हुई थी। इनमें से 1,16,746 आवेदनों का जिला प्रशासन द्वारा सत्यापन पूरा किया जा चुका है और पहली खेप में 1,16,702 परिवारों को भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस तरह पहली ही किस्त में जिले के करीब 81 फीसदी चिह्नित बाढ़ पीड़ितों तक मदद पहुंच जाएगी।

पीरपैंती, नाथनगर व कहलगांव में सबसे अधिक लाभुक

मंगलवार को जारी की जा रही राहत राशि में जिले के 11 प्रखंडों के बाढ़ पीड़ित शामिल हैं। प्रखंडवार विवरण के अनुसार:

  • पीरपैंती: 21,180 परिवार

  • नाथनगर: 19,314 परिवार

  • कहलगांव: 15,741 परिवार

  • अजगैवीनाथ (सुल्तानगंज): 17,809 परिवार

  • सबौर: 14,093 परिवार

  • रंगरा चौक: 11,899 परिवार

  • नारायणपुर: 4,329 परिवार

  • गोपालपुर: 4,144 परिवार

  • गोराडीह: 3,200 परिवार

  • शाहकुंड: 2,880 परिवार

  • इस्माइलपुर: 2,113 परिवार

27,531 परिवारों का भुगतान अटका, जांच के बाद मिलेगी राशि

जिले में चिह्नित कुल 1,44,233 परिवारों में से 27,531 लाभुकों को पहली किस्त के लिए अभी थोड़ा इंतजार करना होगा। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इन मामलों में बैंक खाता संख्या में त्रुटि, आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड न होने अथवा तकनीकी व भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया अधूरी रहने के कारण भुगतान रोका गया है। जिला प्रशासन युद्धस्तर पर इन त्रुटियों को दुरुस्त करने में जुटा है। जैसे ही इन मामलों का सत्यापन पूरा होगा, दूसरी खेप में इन सभी शेष पात्र परिवारों के खातों में भी 7,000 रुपये की राशि भेज दी जाएगी।

प्रदेश के 8.27 लाख परिवारों को 579.23 करोड़ की मदद

राज्य स्तर पर यह आयोजन व्यापक पैमाने पर किया जा रहा है। मुख्यमंत्री राज्य के विभिन्न बाढ़ प्रभावित जिलों के कुल 8 लाख 27 हजार 472 परिवारों के बैंक खातों में एक साथ अनुग्रहिक राहत राशि का अंतरण करेंगे। पूरे बिहार में 7,000 रुपये प्रति परिवार की दर से कुल 579.23 करोड़ रुपये की विशाल राशि सीधे पीड़ितों के खातों में भेजी जा रही है। मुख्यमंत्री के इस वर्चुअल क्लिक के साथ ही राज्य में बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास और आर्थिक संबल देने का बड़ा चरण विधिवत शुरू हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button