
चंडीगढ़, 23 दिसंबर:
पंजाब के आवास निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री सरदार हरदीप सिंह मुंडियां ने आज यहां पंजाब सिविल सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में इज़राइल के मंत्री तथा इज़राइली दूतावास में डिप्टी मिशन हेड श्री फारेस साएब से मुलाकात की।
-
पंजाब की नहर सिंचाई से बढ़ा जलस्तर : भगवंत मान
September 19, 2026
बैठक के दौरान जल संरक्षण और सीवरेज के पानी के पुनः उपयोग से जुड़े क्षेत्रों, विशेष रूप से राज्य के शहरी क्षेत्रों में उपयोग हेतु उन्नत इज़राइली तकनीकों को अपनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि तेज़ी से हो रहे शहरीकरण और नागरिक सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए टिकाऊ जल प्रबंधन तथा उपचारित अपशिष्ट जल का कुशलतापूर्वक पुनः उपयोग राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
श्री फारेस साएब ने जल दक्षता, उपचारित सीवरेज के पुनः उपयोग और आधुनिक शहरी अवसंरचना समाधानों में इज़राइल की विश्व-स्तरीय मान्यता प्राप्त प्रथाओं पर अपने विचार साझा किए। दोनों पक्षों ने पंजाब के शहरों में ऐसी तकनीकों के व्यावहारिक कार्यान्वयन की संभावनाओं को तलाशने के लिए संभावित तकनीकी सहयोग, सूचना के आदान–प्रदान तथा भविष्य की भागीदारी पर भी चर्चा की।
श्री साएब ने सरदार हरदीप सिंह मुंडियां को इन तकनीकों को नज़दीक से देखने और गहन सहयोग के रास्ते तलाशने के लिए इज़राइल यात्रा का निमंत्रण भी दिया। इसके अलावा सौहार्दपूर्ण और रचनात्मक माहौल में आपसी समझ तथा सहयोग से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विचार–विमर्श किया गया। कैबिनेट मंत्री ने आश्वासन दिया कि वे इज़राइल की तकनीकों को राज्य के विकास के लिए अपनाने हेतु शीघ्र ही इज़राइल का दौरा करेंगे।
बैठक में आवास एवं शहरी विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री विकास गर्ग सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।









