पंजाबराजनीति

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को शानदार ढंग से मनाने के लिए श्रृंखलाबद्ध कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया है।

चंडीगढ़, 11 अप्रैल 2026:

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित आयोजित किए जाने वाले श्रृंखलाबद्ध कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया।

यह फैसला मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा पंजाब भवन में संत समाज के साथ बैठक के दौरान लिया गया। मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय कार्यक्रमों और पहलों की रूपरेखा तैयार की। इन कार्यक्रमों में सेमिनार, कीर्तन समागम, यात्राएं, पौधारोपण अभियान तथा 650 एकड़ में ‘गुरु रविदास बगीचियां’ स्थापित करना शामिल है। इस संबंध में मुख्य कार्यक्रम खुरालगढ़ में आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं अपने आप को भाग्यशाली मानता हूं कि मुझे श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस और श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को मनाने का अवसर मिला है। राज्य सरकार इन आयोजनों को भव्य तरीके से मनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी, क्योंकि गुरु जी के संदेश को दुनिया भर तक पहुंचाना हमारा सामूहिक कर्तव्य है।”

उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी ने भेदभाव रहित, समानता आधारित समाज की कल्पना की थी। पंजाब सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि उनके 650वें प्रकाश पर्व को बड़े स्तर पर मनाया जाए। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि हाल ही में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।

तैयारियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष भर चलने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत योजना बनाई गई है। श्री गुरु रविदास जी ने मानवता की भलाई और सभी वर्गों की समानता का संदेश दिया तथा ऐसे समाज की नींव रखी, जहां कोई भी दुखी न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और सिद्धांतों के आधार पर समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी गरीबों और वंचित वर्गों के लिए महान आध्यात्मिक मार्गदर्शक और मसीहा थे, जिन्होंने हमें नैतिक जीवन जीने की प्रेरणा दी। यह प्रकाश पर्व एक ऐसे समाज के निर्माण के लिए स्वयं को पुनः समर्पित करने का अवसर है, जहां हर व्यक्ति सम्मान और स्वाभिमान के साथ, बिना भेदभाव के जीवन जी सके।

मुख्यमंत्री ने संत समाज से अपील की कि वे 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर विश्वव्यापी आयोजनों के लिए मार्गदर्शन और सुझाव दें। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गर्व और संतोष की बात है कि यह आयोजन उनके कार्यकाल में हो रहे हैं।

सालभर चलने वाले इन आयोजनों में सेमिनार और कार्यशालाएं, विशेष कीर्तन समागम, तीर्थ यात्राएं, स्कूल स्तर पर प्रतियोगिताएं, डॉक्यूमेंट्री शो, ड्रोन शो, रक्तदान शिविर और पौधारोपण अभियान शामिल होंगे। मुख्य कार्यक्रम खुरालगढ़ में आयोजित किया जाएगा।

इसके अलावा, पूरे पंजाब में 650 एकड़ पंचायत भूमि पर ‘गुरु रविदास बगीचियां’ स्थापित की जाएंगी, जिसके तहत प्रति जिले औसतन 6.50 लाख पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही मैराथन, शोभा यात्राएं, साइकिल रैलियां और अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य समारोह में गुरु रविदास जी के जीवन पर प्रदर्शनी का उद्घाटन, कथा और कीर्तन दरबार, संत सम्मेलन, मीनार-ए-बेगमपुरा में 3डी प्रोजेक्शन, ड्रोन शो और गुरु जी की वाणी पर सम्मेलन जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, तरुणप्रीत सिंह सोंध, लाल चंद कटारूचक और डॉ. रवजोत, लोकसभा सदस्य डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, सलाहकार दीपक बाली सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button