भारत के हितों के खिलाफ नहीं होने देंगे श्रीलंका की जमीन का इस्तेमाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके के साथ बातचीत की और दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में सहयोग को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित किया गया। दिसानायके ने अभूतपूर्व आर्थिक संकट के दौरान भारत के अत्यधिक समर्थन के लिए आभार जताया और कहा कि श्रीलंकाई जमीन का इस्तेमाल भारत के खिलाफ नहीं होगा। श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने बातचीत के बाद कहा कि मैंने भारत के प्रधानमंत्री को यह आश्वासन दिया है कि हम अपनी जमीन को किसी भी तरह से भारत के हितों खिलाफ इस्तेमाल नहीं होने देंगे। भारत के साथ सहयोग निश्चित रूप से बढ़ेगा और मैं भारत के लिए अपने निरंतर समर्थन का आश्वासन देना चाहता हूं। पदभार ग्रहण करने के बाद अपनी पहली आधिकारिक विदेश यात्रा पर रविवार शाम को भारत पहुंचे दिसानायके ने समर्थन और गर्मजोशी भरे आतिथ्य के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया उनकी यात्रा ने दोनों पड़ोसी देशों के बीच सहयोग और विकास का मार्ग प्रशस्त किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम इस बात से पूरी तरह सहमत हैं कि हमारे सुरक्षा हित आपस में जुड़े हुए हैं। हमने रक्षा सहयोग समझौते को जल्द ही अंतिम रूप देने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री मोदी और श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने मुलाकात के दौरान सामपुर सौर ऊर्जा परियोजना, श्रीलंका के भीतर रेलवे कनेक्टिविटी बढ़ाने, दोनों देशों के बीच नौका और उड़ान सेवाओं, यूनिक आइडेंटिफिकेशन प्रोजेक्ट, शिक्षा, रक्षा समझौतों और हाइड्रोग्राफी पर सहयोग बढ़ाने पर समझौतों पर हस्ताक्षर किए। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के देशों में पर्यटन बढ़ाने के लिए रामायण सर्किट और बौद्ध सर्किट पर भी चर्चा की।








