
पंजाब के बरनाला स्थित अदालत परिसर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दुष्कर्म के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और इंसाफ की मांग को लेकर तीन महिलाएं पानी की टंकी पर चढ़ गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिलाओं को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
पानी की टंकी पर चढ़ने वाली महिलाएं अलग-अलग गांवों की रहने वाली हैं। महिलाओं का आरोप है कि उन्होंने अपने साथ दुष्कर्म करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस में शिकायत दी है, लेकिन अब तक उनकी शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि वे पिछले करीब तीन महीने से इंसाफ की गुहार लेकर पुलिस कार्यालयों के चक्कर काट रही हैं। उनका आरोप है कि बार-बार अधिकारियों से मिलने और शिकायत देने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।









