
हरगोबिंद नगर में बेटे सुखपाल सिंह ने पत्नी रूही और अन्य नाबालिग के साथ मिलकर कथित रूप से अपने पिता का कत्ल कर दिया। इस मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान दलजीत सिंह के रूप में हुई है। दलजीत सिंह फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता था। दलजीत सिंह के बेटे सुखपाल सिंह ने रूही के साथ लव मैरिज की थी। लेकिन पिता दलजीत सिंह इस शादी के खिलाफ थे। शादी के बाद उन्होंने बेटे को घर से निकाल दिया था। इसके बाद सुखपाल पत्नी के साथ हरगोबिंद नगर में किराए के मकान में रहने लगा। सुखपाल पहले दुबई में रह चुका है और कुछ समय पहले वापस लौटा था। इन दिनों उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह अक्सर पिता से पैसे मांगता था, लेकिन दलजीत सिंह पैसे देने से इनकार कर देते थे। 29 अगस्त की रात सुखपाल अपनी पत्नी रूही और एक दोस्त के साथ पिता के घर पहुंचा। यहां पर उसने पिता से पैसों की मांग की। मना करने पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने दलजीत सिंह के सिर पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। मामले की जानकारी देते हुए एसएचओ साहिल चौधरी ने बताया कि दलजीत सिंह की सिविल अस्पताल में सिर में चोट लगने के कारण उपचार के दौरान मौत हो गई।





