
चंडीगढ़, 5 फरवरी:
पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने कल शाम राज्य के सभी जिला चुनाव अधिकारियों-कम-डिप्टी कमिश्नरों के साथ बैठक कर मतदाता सूचियों के प्रबंधन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक के दौरान मुख्य चुनाव अधिकारी ने मतदाता मैपिंग गतिविधियों की समीक्षा करते हुए चुनाव संबंधी जानकारी की योजनाबद्ध कवरेज, शुद्धता और समय पर अद्यतन सुनिश्चित करने के लिए जिला-वार प्रगति का जायजा लिया।
बैठक में उन्होंने स्पष्ट रूप से पहचान में न आने वाली फोटो और गलत प्रविष्टियों से संबंधित मामलों के समाधान पर विशेष जोर देते हुए चुनाव फार्मों के संग्रह और निपटारे की स्थिति की भी समीक्षा की। इस दौरान जिला अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार ऐसे मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही ईआरओ नेट पर आवेदनों की लंबित स्थिति पर भी विस्तृत चर्चा की गई और मुख्य चुनाव अधिकारी ने मतदाता सूचियों की एकरूपता और शुद्धता बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी तथा शीघ्र निपटारे की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर मुख्य चुनाव अधिकारी ने ईसीआई नेट पर “बुक ए कॉल” सुविधा के बारे में जागरूकता फैलाने के महत्व पर भी जोर दिया, जिसके तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) पारदर्शी और समयबद्ध शिकायत निवारण के लिए मतदाताओं को कॉल-बैक सहायता प्रदान करते हैं।
इसके अतिरिक्त डेमोग्राफिकल सिमिलर एंट्रीज़ (डीएसई) से संबंधित मुद्दों की भी समीक्षा की गई और जिलों को डुप्लीकेट प्रविष्टियों से बचने तथा चुनावी रिकॉर्ड की विशिष्टता सुनिश्चित करने के लिए पूरी सावधानी से सत्यापन करने के निर्देश दिए गए।









