
चंडीगढ़, 13 फ़रवरी 2026:
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान के दौरान ज़िला उद्योग केंद्र कार्यालय, लुधियाना में तैनात सीनियर इंडस्ट्रियल प्रमोशनल अफ़सर जसपाल सिंह और रिशव गर्ग तथा ट्रेड असिस्टेंट अंतरप्रीत सिंह को 30,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आज यहां इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपियों को फोकल प्वाइंट, लुधियाना के एक निवासी द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता फोकल प्वाइंट, लुधियाना में एक प्रोडक्शन यूनिट चलाता है। शिकायतकर्ता ने अपनी यूनिट से संबंधित उत्पादन प्रमाण पत्र (प्रोडक्शन सर्टिफिकेट) की सही तिथि दर्ज करवाने के लिए आवेदन किया था। इसके बदले आरोपियों ने उससे 45,000 रुपये रिश्वत की मांग की। प्रवक्ता ने कहा कि शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने से संबंधित पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी।
शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में तीनों आरोपियों को शिकायतकर्ता से 30,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना लुधियाना में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है और प्रकरण की आगे की जांच जारी है।









