सीजेपी विरोध प्रदर्शन: गंभीर अपराधों का सामना कर रहे लोगों को छोड़कर राज्य एफआईआर बंद कर सकते हैं/वापस ले सकते हैं: सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने अपने पहले के आदेश में संशोधन करते हुए सोमवार को स्पष्ट किया कि दिल्ली और अन्य राज्यों की सरकारें नीट पेपर लीक को लेकर सीजेपी के विरोध प्रदर्शन में भाग लेने वाले छात्रों के खिलाफ कानून के अनुसार प्राथमिकी बंद कर सकती हैं या वापस ले सकती हैं।
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी मोहना की पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि 28 जुलाई के आदेश में ‘आपराधिक पृष्ठभूमि’ शब्द का अर्थ केवल ‘गंभीर और जघन्य अपराध’ है। पीठ ने कहा, ”28 जुलाई के आदेश के लिए यह स्पष्ट किया जाता है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली और कोई अन्य राज्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी बंद करने/वापस लेने के लिए स्वतंत्र होगा। आपराधिक पृष्ठभूमि शब्द को गंभीर और जघन्य अपराध के रूप में पढ़ा जाना चाहिए।
यह स्पष्टीकरण तब आया जब याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन, ए एम सिंघवी और अन्य ने कहा कि 28 जुलाई के आदेश में ‘आपराधिक पृष्ठभूमि’ शब्द का इस्तेमाल मामलों को जीवित रखने के लिए किया जा रहा है, भले ही इस तरह के पूर्ववृत्त में ड्राइविंग अपराध या पहले के विरोध प्रदर्शन जैसे मामूली मुद्दे शामिल हों।









